छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री पहुंचे धान खरीदी केंद्र सेलूद, देखी धान की गुणवत्ता, किसानों से पूछा किसी तरह की दिक्कत तो नहीं 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दुर्ग जिले के अंतर्गत पाटन क्षेत्र में भ्रमण के दौरान धान खरीदी केंद्र सेलूद के निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने यहां धान बेचने आये किसानों से चर्चा की। किसानों ने बताया कि धान में मौसम की वजह से थोड़ी नमी आ गई है।

किसानों ने बताया कि अभी-अभी सभी किसानों के धान की तौलाई हुई। सभी धान खरीदी से पूरी तरह संतुष्ट हैं। जिस तिथि पर टोकन जारी हुए, उसी तिथि में खरीदी हुई। सभी किसान इस बार खरीदी से संतुष्ट हैं।

उन्होंने हमालों से भी बातचीत की। हमालों ने बताया कि वो कोंडागांव से आये हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इसी तरह की व्यवस्था आगे भी रखें। किसानों को इंतजार न करना पड़े, समय पर खरीदी हो जाये।

अधिकारी धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था की मॉनिटरिंग भी करते रहे। मुख्यमंत्री ने धान की गुणवत्ता भी परखी तथा किसानों से इस संबंध में बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री ने धान खरीदी केंद्र में एक बच्चे को अपने परिजन के साथ देखा, जिसके हाथ में एक भौंरा था। मुख्यमंत्री उसकी मासूमियत देखकर अपने को रोक नहीं पाए और उससे पूछा कि क्या मुझे भी अपना भौंरा चलाने दोगे? बच्चे ने खुशी से भौंरा दे दिया। फिर मुख्यमंत्री ने खुशी-खुशी भौंरा चलाया और बच्चे की पीठ थप-थपाकर कहा आज अचानक भौंरा चलाने का मौका पाकर मेरे बचपन की याद ताजा हो आयी। 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button