राजधानी रायपुर में रेरा ने लॉ विस्टा बिल्डर को 4 करोड़ 69 लाख सोसायटी में जमा करने दिया आदेश, बिल्डर्स में हड़कंप
लॉक डाउन की अवधि में लॉ विस्टा बिल्डर को चार करोड़ 69 लाख सोसाइटी के पास जमा करने का छत्तीसगढ़ रेरा ने आदेश दिया है। रेरा ने अपने आदेश में कहा है कि 15 दिन के भीतर पैसे सोसाइटी के खाते में जमा नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार बिल्डर द्वारा जमा किए गए पैसों से सोसाइटी के अधूरे काम पूरे किए जाएंगे। कोरोना वायरस के चलते रियल स्टेट व्यवसाय पूरी तरह से बंद होने की वजह से इस आदेश से राजधानी रायपुर के बिल्डरों में खलबली मच गई है। रेरा अध्यक्ष ने ऑनलाइन सुनवाई के बाद बुधवार को यह आदेश जारी किया है।
बता दें कि रेरा से मिली सूचना के अनुसार लॉ विस्टा सोसायटी के अध्यक्ष इंदरपाल सिंह जुनेजा ने छत्तीसगढ़ रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ला विस्टा का निर्माण करने वाले बिल्डर अमृत होम्स प्राइवेट लिमिटेड, एम आहूजा प्रोजेक्ट, रघु वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड और वामसी पेरिचेला ने मकान बेचते समय जो सुविधाएं देने का वादा किया था उसे निर्धारित अवधि में पूरा नहीं किया।
शिकायत के आधार पर रेरा ने पूर्व में आदेश जारी किया था कि प्रमोटर्स ब्रोशर के अनुसार कार्य पूरा करने के लिए सोसाइटी को रकम उपलब्ध करवा दे। इसके लिए उन्हें 2 महीने का समय भी दिया गया था किंतु 7 महीने बाद भी बिल्डरों ने यह पैसा सोसाइटी को नहीं दिया।
बता दें कि रेरा ने अधूरे काम को पूरा करने के बाद आर्किटेक्ट से इसकी रिपोर्ट भी मांगी थी। पैसा नहीं मिलने के कारण सोसाइटी में आज तक काम नहीं हो पाया था जिसके चलते रेरा ने यह आदेश जारी किया है।



