बिल्लियों की वजह से बचाई गई नाले में बहते बच्चे की जान, मौके पर पहुंची पुलिस, की जा रही परिजनों की पहचान

मुंबई। आर्थिक राजधानी में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां नाले में बह रहे एक बच्चे को देखकर कुछ बिल्लियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।इसके बाद स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी। मुंबई पुलिस की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची और बच्चे को बचाया।
घटना मुंबई के पंतनगर इलाके की है। सोमवार शाम को किसी ने बच्चे को नाले में बहा दिया था। इस घटना के बारे में मुंबई पुलिस ने ट्वीट कर कहा, “कपड़े में लिपटे बच्चे को सड़क पर घूम रही कुछ बिल्लियों ने देखा, जिसके बाद वो शोर मचाने लगीं, आसपास के लोग बिल्लियों का शोर सुनकर बाहर निकले।
लोगों ने पंतनगर पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचित किया और मुंबई पुलिस का निर्भया दस्ता, जो शहर में अपराध के हॉटस्पॉट पर गश्त करता है, वो मौके पर पहुंच गया।”बच्चे के माता-पिता या उसे फेंकने वाले लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के हॉस्पिटल में पड़ताल शुरू कर दी है।



