छग – नक्सलियों ने मचाया उत्पात, सड़क निर्माण में लगे आधा दर्जन वाहनों को किया आग के हवाले
राजनांदगांव – नक्सलियों ने उपद्रव मचाते हुए सड़क निर्माण में लगी आधा दर्जन वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। मोहला थाना के परवीडीह और पारडी के बीच बन रहे पुल निर्माण में लगे वाहनों को बीती रात अज्ञात नक्सलियों ने आग लगा दी। बताया जा रहा है कि घटना को करीब डेढ़ दर्जन सशस्त नक्सलियों ने अंजाम दिया है।
सूत्रों का कहना है कि टीपागढ़ दलम और मोहला एलओएस ने संयुक्त होकर वारदात की है। बताया जा रहा है कि पुलिया निर्माण के लिए लगी वाहनों में टिप्पर, मिक्चर मशीन, पोकलेन, हाईवा को भी आग लगा दी। लंबे समय बाद नक्सलियों की इस इलाके में उपस्थिति सामने आई है।
इस संबंध में एसपी डी. श्रवण ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। नक्सलियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि जगदलपुर की चावला कंट्रक्शन कंपनी द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। नए पुल निर्माण से लोगों की आवाजाही बढऩे के डर से नक्सलियों ने आगजनी की।




