
भिलाई। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करना भी शुरू कर दिया है। वहीं अब नेता चुनाव से पहले अपना दल भी बदल रहे हैं। इसी बीच अब भिलाई में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व क्रेडा सदस्य विजय साहू ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र भी भेजा है।
पूर्व क्रेडा सदस्य विजय साहू ने कांग्रेस नेताओं पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की गई जिसका परिणाम कांग्रेस को हार से चुकाना पड़ा। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी फिर से वही गलती दोहरा रही है। कांग्रेस पार्टी अपने हारे हुए विधायकों को लोकसभा चुनाव लड़वा रही है।




