अब छग में अधिकारी भी नही सुरक्षित, 4 बदमाशों ने डिप्टी कलेक्टर से की मारपीट
कानून व्यवस्था का हाल यह कि अब प्रशासनिक अधिकारी भी बदमाशों से सुरक्षित नही हैं। भंनवारटंक स्थित मरहीमाता मंदिर दर्शन करने गए बिलासपुर डिप्टी कलेक्टर के साथ चार युवकों ने मारपीट की। आदतन बदमाश डिप्टी कलेक्टर से जबरदस्ती रुपये की मांग कर रहे थे।
बता दें कि 27 खोली निवासी डिप्टी कलेक्टर अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ ही मरहीमाता मंदिर दर्शन करने भंनवारटंक गए थे। मंदिर से कुछ दूर प्रसाद के रूप में बकरे की सब्जी बना रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे उनके पास चार युवक पहुंचे और पैसे की मांग करने लगे इस पर अधिकारी ने मना कर दिया। उसके बाद चारों युवकों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी इसके बाद वे फरार हो गए।
कहा जा रहा है कि मारपीट करने वाले आरोपी हमेशा मंदिर आकर दर्शनार्थियों से मारपीट गुंडागर्दी करते हैं। बेलगहना चौकी पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पता तलाश में जुट गई है जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है।




