छत्तीसगढ़

पेट्रोल, डीजल के लगातार बढ़ते दामो के विरोध में एनएसयूआई द्वारा 15 किलोमीटर की साईकिल रैली, डॉ रमन के कार्यालय का घेराव

पेट्रोल, डीजल के लगातार बढ़ते दामो के विरोध में एनएसयूआई द्वारा 15 किलोमीटर की साईकिल रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव विधायक डॉ रमन सिंह के कार्यालय का घेराव भी किया। 

  लगातार पेट्रोल डीजल के दामों में हो रही वृद्धि से महंगाई बढ़ी हुई है, जिसके विरोध में एनएसयूआई के द्वारा राजनांदगांव जिले के तुमड़ीबोड़ से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली के माध्यम से एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजनांदगांव  विधायक पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।

एनएसयूआई के द्वारा विधायक कार्यालय का घेराव किए जाने की सूचना पर पुलिस ने बेरीकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन एक बेरीकेड्स लांघकर एनएसयूआई के कार्यकर्ता दूसरे बेरीकेड्स तक जा पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें कड़ी मशक्कत कर रोका। इस दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व में जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहते हुए डॉ रमन सिंह पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के विरोध में साइकिल चला कर प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज जब पेट्रोल- डीजल के दाम कई गुना बढ़ गए हैं तब वे खामोश क्यों हैं और साइकिल चला कर विरोध प्रदर्शन क्यों नहीं कर रहे। 

एनएसयूआई ने अपने साईकिल यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की साइकिल चलाते हुए तस्वीर अपने साइकिल पर लगाकर 15 किलोमीटर की यात्रा निकाली।  इस दौरान भाजपा कार्यालय घेराव करते हुए उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु को डॉ रमन सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। अपने ज्ञापन में एनएसयूआई ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आपको भी पुनः साइकिल चलाने की आवश्यकता है।

इस मामले को लेकर ज्ञापन लेने पहुंचे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए प्रदर्शन करना अच्छी बात है लेकिन उससे भी अच्छी बात यह होती कि वह तुमड़ीबोड़ से साइकिल यात्रा निकालकर मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचते और प्रदेश की भूपेश सरकार को पेट्रोल डीजल में वेट कम करने कहते हैं।  एनएसयूआई के द्वारा निकाली गई इस विरोध रैली में राजनांदगांव सहित रायपुर एनएसयूआई के पदाधिकारी भी शामिल हुए। वहीं उन्होंने पेट्रोल डीजल के दाम कम नहीं होने पर रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के निवास का घेराव करने की बात भी अपने प्रदर्शन के दौरान कही है। 

Related Articles

Back to top button