छत्तीसगढ़

दस दिवसीय शिल्प बाजार मेला 12 फरवरी से, इस्पात नगरी को लुभाएंगे हस्तशिल्प और हाथकरघा वस्त्र

देश एवं प्रदेश के 75 कलाकार, प्रदेश के 15 हस्तशिल्पी और हैंडलूम बुनकर समितियां होंगी शामिल

ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार 12 फरवरी को भिलाई में आयोजित होने वाले दस दिवसीय शिल्प बाजार मेले का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग शहर के विधायक श्री अरुण वोरा करेंगे। मेले का आयोजन विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। मेला 21 फरवरी तक प्रातः 11 से रात्रि 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। 

विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दस दिवसीय शिल्प बाजार मेले का आयोजन 12 फरवरी से 21 फरवरी तक सिविक सेंटर भिलाई होटल के सामने किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि राज्योत्सव और राष्ट्रीय आदिवासी महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों के शिल्पग्राम में हाथकरघा वस्त्रों की बड़ी मांग थी। वहां सस्ते, सुंदर और आकर्षक होने के कारण इन वस्त्रों को काफी सराहना मिली थी।

भिलाई में आयोजित होने वाले दस दिवसीय शिल्प बाजार में देश एवं प्रदेश के लगभग 75 कलाकार और प्रदेश के 15 हस्तशिल्पी एवं हैंडलूम बुनकर समितियां भाग ले रही हैं। छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य देश के कोने-कोने से आए कलाकारों को एक बाजार देकर प्रदेश की जनता को हस्तशिल्प और हाथकरघा वस्त्रों से सीधे जोड़ना है।

मेले में मध्यप्रदेश की चंदेरी साड़ी, कशीदाकारी, बनारसी जरी, लखनवीं चिकन, बाघ, बुटिक साड़ी, छत्तीसगढ़ राज्य की विख्यात कोसा साड़ी एवं ड्रेस मटेरियल के अलावा बस्तर एवं रायगढ़ का बेलमेटल शिल्प के साथ ही हस्तशिल्प की अन्य आकर्षक कलात्मक शिल्प सामग्रियां विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button