शपथ लेने के बाद पहले कहां जायेंगे पीएम नरेंद्र मोदी?, बेहद व्यस्त होगा कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 09 जून को शपथ ली जाएगी। इसके कुछ दिन बाद ही वह इटली जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा 13-15 जून को आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया था।
आपको बता दें कि जी7 देशों का शिखर सम्मेलन 13 से 15 जून तक इटली के पुगलिया में आयोजित किया जाएगा। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ‘पीएम मोदी ने गुरुवार को इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी से बात की और इटली के पुगलिया में होने वाले जी7 शिखर सम्मेलन में निमंत्रण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।’ इस दौरान पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच मुलाकात होगी।
इस साल जी7 की अध्यक्षता इटली कर रहा है। इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक आर्थिक परिदृश्य, जलवायु परिवर्तन और रूस-यूक्रेन युद्ध तथा इजरायल-हमास के बीच संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित होने की संभावना है। जी7 देशों में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान शामिल हैं। यूरोपीय संघ इसमें अतिथि के रूप में चर्चा ले रहा है। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और दूसरे जी7 नेताओं से मिलेंगे।
जी7 शिखर सम्मेलन के अलावा प्रधानमंत्री मोदी को 15 से 16 जून तक स्विटजरलैंड में होने वाले यूक्रेन शांति शिखर सम्मेलन में भी औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। हालांकि, अभी यह तय नहीं है कि पीएम मोदी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे या नहीं। रूस को इस सम्मेलन में आयोजित नहीं किया गया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिरि जेलेंस्की ने पीएम मोदी को चुनाव में जीत के बाद भेजे अपने बधाई संदेश में शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेने का आग्रह किया था।




