
रायपुर। रेल मंडल रायपुर की वर्चुअली बैठक में गुरुवार को रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य व रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय शामिल हुए। बैठक में विधायक उपाध्याय ने कहा कि रायपुर पश्चिम के टाटीबंध में स्थित एम्स में छत्तीसगढ़ समेत आस-पास के राज्यों से लोग इलाज करवाने आते हैं। एम्स आने वाले दूसरे शहर व राज्यों के मरीजों को सुगम आवागमन की सुविधा के लिए एम्स परिसर में रेलवे आरक्षण केंद्र खोला जाए। साथ ही एम्स से लगे हुए सरोना रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म के विस्तारीकरण और सभी ट्रेनों का स्टॉपेज किया जाए। इससे बाहर से आने वाले मरीजों समेत टाटीबंध, सरोना, रायपुरा, चंदनडीह, हीरापुर, डीडी नगर, मोहबा बाजार में निवासरत यात्रियों को लाभ मिल सके। विधायक विकास उपाध्याय ने कोरोना के कारण बंद किये गए एमएसटी प्रणाली और वृद्धजनों को मिलने वाली सुविधा को पुन: बहाल करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि साधारण 8000-10000 कमाने वाला व्यक्ति आस पास के गांव-कस्बों से सफर कर के जीविकोपार्जन करने राजधानी आते हैं,लेकिन एमएसटी सिस्टम बंद होने से प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों पर महंगे शुल्क का अतिरिक्त भार बढ़ गया है।
डुमरतालाब में रेलवे की ओर से बनाए गए अंडरब्रिज के संबंध में भी विधायक उपाध्याय ने अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि अंडरब्रिज के बनावट के दौरान अंधामोड़ निर्मित हो गया। इसके कारण आए दिन दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। अंडरब्रिज में सुधार कर उसे अंधामोड़ मुक्त किया जाए। इससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। विधायक उपाध्याय ने कोरोना के कारण रायपुर से दुर्ग और रायपुर से बिलासपुर के मध्य चलने वाली लोकल ट्रेन को पुन: चालू करने की सिफारिश की।
इससे प्रतिदिन यात्रा करने वाले छोटे गांव कस्बे के यात्रियों को भी राहत मिल सकें। सस्ते दर पर वे भी अपनी यात्रा कर सकें। उन्होंने रेलवे की जमीनों में जो लोग मकान बनाकर पिछले कई सालों से निवासरतहैं, जैसे- रामनगर, सरोना, मोहबा बाजार, कोटा भवानी नगर, अशोक नगर, शिवानंद नगर, खमतराई, सन्यासी पारा, इनके व्यवस्थापन के संबंध में राज्य सरकार और रेलवे से मध्यस्थता की बात रखी। साथ ही रायपुर रेलवे स्टेशन के 6 नंबर प्लेटफार्म को व्यवस्थित और सर्व सुविधायुक्त और जल्द शुरू करने की बात कही। इससे रामनगर, गुढ़ियारी, तिलक नगर, जनता कॉलोनी, कोटा, अशोक नगर के रहवासियों को लाभ मिल सके।




