गुरुवार को लगातार 10वें दिन पेट्रोल डीजल की कीमतों मे बढ़ोतरी की गई है, जिससे कई शहरों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के करीब पहुंच गई है. आज पेट्रोल की दर में 34 पैसे की वृद्धि हुई है, जबकि डीजल की कीमत में 32 पैसे की वृद्धि हुई. बढ़ोतरी ने दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 89.88 रुपये प्रति लीटर के रिकॉर्ड पर पहुंचा दी है. डीजल की दर 80.27 लीटर पर पहुंच गई।
इस बीच राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में बुधवार को सामान्य पेट्रोल की कीमत 100 प्रति लीटर को पार कर गई. राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन (RPDA) ने ईंधन मूल्य पर उच्चतम VAT के लिए राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है. बुधवार को श्रीगंगानगर में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100.13 और 92.13 थीं।
उत्पादन लागत में कटौती के लिए तेल-समृद्ध राष्ट्रों से आग्रह करते हुए भारत ने बुधवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय तेल की बढ़ती कीमतें आर्थिक सुधार और मांग को नुकसान पहुंचा रही हैं. पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कम से कम अगले कुछ महीनों के लिए तेल की कीमतों में कमी की मांग की जानी चाहिए।
पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) और रूस सहित उसके सहयोगियों के बीच एक समझौते के तहत फरवरी और मार्च में सऊदी अरब ने प्रति दिन 1 मिलियन बैरल के अतिरिक्त स्वैच्छिक उत्पादन में कटौती करने के बाद से अंतर्राष्ट्रीय तेल की कीमतें उबाल पर हैं।
दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत आज 89.88 रुपये प्रति लीटर और डीजल 80.27 रुपये पर था. मुंबई में पेट्रोल के दाम आज 96.32 रुपये और डीजल 87.32 रुपये थे. कोलकाता में 91.11 रुपये, 83.86 रुपये, चेन्नई 91.98, 85.31, नोएडा 88.39 और 80.70 रुपये पर था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ”2019-20 में हम रिफाइनिंग कैपेसिटी में विश्व में चौथे स्थान पर थे. 65.2 मिलियन टन के करीब पेट्रोलियम प्रोडक्ट का निर्यात किया गया. आज भारत की गैस एवं तेल कंपनियां 27 देशों में काम कर रही हैं, जिनमें 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
उन्होंने कहा भारत ऊर्जा की बढ़ती मांग की पूर्ति के लिए काम कर रहा है. भारत ऊर्जा आयात पर निर्भरता को भी कम कर रहा है। हम अपने आयात स्रोतों में विविधता ला रहे हैं.”



