inh24छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: सिर्फ पूरक पोषण आहार वितरण व स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस आयोजित किया जाएगा

धमतरी। जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों में फिर से रौनक लौटेगी, जहां पर पूरक पोषण आहार का वितरण तथा स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन किया जाएगा। राज्य शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा के मार्गदर्शन में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री एमडी नायक ने जिले के सभी एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय के अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि सोमवार 26 जुलाई से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा आगामी एक अगस्त से शहरी क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन कोविड-19 से संबंधित दिशानिर्देशों व नियमों का पालन करते हुए किया जाए।

उन्होंने शासन से प्राप्त निर्देशों के हवाले से बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्र जहां कोई भी कोविड का प्रकरण न हो, ऐसे केन्द्रों को खोला जाएगा। 60 वर्ष से अधिक आयु की कार्यकर्ता/सहायिका को आगामी आदेश तक पृथक रखा जाए, इसके लिए समीपस्थ केन्द्र से वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनबाड़ी केन्द्रों को खोलने के पहले पूरे भवन का सैनिटाइजेशन पंचायत/नगरीय निकाय के सहयोग से कराने के लिए भी निर्देशित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि एक समय से अधिकतम 20 हितग्राहियों को ही केन्द्र में प्रवेश दिए जाने का निर्देश है तथा रेडी टू ईट फूड बनाने वाले समूहों के सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने कहा गया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी केन्द्रों में हाथ धुलाई के उपरांत हितग्राहियों को प्रवेश देने, केन्द्र में साबुन की पर्याप्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार बच्चों व गर्भवती/शिशुवती जो केन्द्र में आते हैं उन्हें प्रवेश पूर्व प्रारम्भिक स्वास्थ्य जांच आवश्यक तौर पर कराने या बुखार, खांसी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, डायरिया, गंध या स्वाद का नहीं आना जैसे लक्षण होने पर केन्द्र में प्रवेश नहीं दिए जाने का निर्देश है।

गर्म भोजन केवल तीन से छह वर्ष के सामान्य व मध्यम कुपोषित बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को ही केन्द्र में दिया जाएगा संकटग्रस्त श्रेणी की गर्भवती अथवा गंभीर कुपोषित बच्चों को घर-पहुंच सेवा के माध्यम से गर्म भोजन दिया जाएगा। इसके अलावा तीन से छह वर्ष के बच्चों को नाश्ते के स्िान पर 1250 ग्राम रेडी टू ईट फूड, टी.एच.आर. के माध्यम से प्रथम मंगलवार को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा शासन से जारी दिशानिर्देशों का समुचित पालन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों को 26 जुलाई तथा शहरी क्षेत्र के केन्द्रों को एक अगस्त से प्रारम्भ करने के निर्देश परियोजना अधिकारियों को दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि कोविड-19 के संक्रमण एवं प्रसार को दृष्टिगत करते हुए राज्य शासन द्वारा 22 मार्च से आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन को बंद कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा हितग्राहियों को सूखा राशन घर पहुंच सेवा के साथ प्रदाय किया जा रहा था। अतः कुपोषण को प्रभावी ढंग से रोकने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा पूरक पोषण आहार अंतर्गत दोपहर का गर्म भोजन का वितरण तथा स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके परिपालन में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों को क्रमशः 26 जुलाई व एक अगस्त से संचालित किए जाएंगे।

10 हजार पंजीकृत में से 9663 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण

बारहवीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित, जिले के 98 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे

धमतरी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा आयोजित हायर सेकण्डरी स्कूल परीक्षा 2021 (बारहवीं बोर्ड) के परीक्षा परिणाम आज घोषित किए गए, जिसमें जिले 98.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में कक्षा बारहवीं में 10 हजार 069 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 10 हजार 032 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा में कुल 4 हजार 318 बालक व 5 हजार 714 बालिकाओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें से 9 हजार 663 विद्यार्थी प्रथम, 108 द्वितीय श्रेणी व तीन विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जबकि 63 विद्यार्थियों को पूरक की पात्रता मिली।

यानी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत 96.91, द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण का प्रतिशत 1.08 तथा तृतीय श्रेणी से पास होने वाले विद्यार्थियों का प्रतिशत 0.03 रहा। इसी तरह 134 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। उन्होंने बताया कि उत्तीर्ण रहे बालकों का प्रतिशत 97.31 और बालिकाओं का प्रतिशत 98.55 रहा।

Related Articles

Back to top button