
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में कृष्ण जन्माष्टी के दिन सुबह कपूर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करवाने का झांसा देकर दो शातिरों ने एक बुजुर्ग महिला से ठगी कर ली। आरोपितों में से एक ने खुद को हरिद्वार का बाबा बताते हुए महिला को अपने झांसे में लिया। उसे कपूर में भगवान के दर्शन करवाने की बात कही। लेकिन, एक शर्त रखी कि भगवान के दर्शन तभी होंगे, जब शरीर पर किसी प्रकार के जेवर न हो।
आरोपित की बातों में आकर महिला ने अपने गले से सोने की चेन और कान की बाली निकालकर आरोपितों में से एक के हाथ में दे दिया। इसके बाद वो ढोंगी बाबा के कहे अनुसार 52 कदम चली और कुछ देर बाद पीछे पलटकर देखा तो दोनों आरोपित जेवर समेत फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक संतराबाड़ी दुर्ग निवासी जयश्री चावड़ा (65) सोमवार की सुबह दूध लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान तरुण सिनेमा के बगल वाले रास्ते में उसे एक युवक मिला और एक डाक्टर की पर्ची दिखाकर पता पूछा। महिला ने जानकारी न होने की बात कही। इसके बाद उसने खुद को हरिद्वार का संत बताया और महिला से बातें करने लगा। उसने महिला से कहा कि उसकी दो बेटियां हैं और उन पर घोर संकट आने के संकेत मिल रहे हैं। शिकायतकर्ता जयश्री की दो बेटियां ही हैं। इसलिए उसे ढोंगी की बातों पर विश्वास होने लगा और वो उसके झांसे में आ गई।
इसी दौरान आरोपित का एक और साथी वहां पहुंचा और उसने भी एक परेशान व्यक्ति होने का नाटक किया। उसने शिकायतकर्ता के सामने ढोंगी से अपनी परेशानियों के बारे में पूछा। आरोपित ने उसकी परेशानी बताने का नाटक किया और कहा कि वो एक कपूर का टुकड़ा ले आए। उसके साथी ने वैसा ही किया। इसके बाद ढोंगी ने कहा कि वो अपने शरीर पर पहने जेवर उतारकर कपूर को लेकर 52 कदम दूर जाए और कपूर को ध्यान से देखे। यदि उसमें उसके ईष्ट देव के दर्शन हो गए तो उसकी सभी परेशानियां खत्म हो जाएंगी। आरोपित के साथी ने नाटक में पूरा साथ दिया और कुुछ देर बाद आकर भगवान के दर्शन होने की बात कही।
इसके बाद आरोपित बाबा ने शिकायतकर्ता से कहा कि वो भगवान श्रीकृष्ण पर आस्था रखती है। इसलिए उसे भी वैसा ही करना होगा। यदि कपूर में उसे कृष्ण के दर्शन होते हैं तो उसकी बेटियों पर आने वाला संकट टल जाएगा। आरोपित की बातों में आकर महिला ने अपने जेवर उतारकर ढोंगी के सहयोगी को पकड़ा दिया और कपूर लेकर 52 कदम दूर गई। वहां जाने के बाद उसने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों आरोपित वहां से जेवर लेकर भाग चुके थे। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया और पुलिस को जानकारी दी।
इस संबंध में सीएसपी दुर्ग कौशलेंद्र देव पटेल ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। इसमें किसी बाहरी गैंग के शामिल होने की आशंका है।




