गुजरात – सूरत में सड़क पर बदमाशों का दुस्साहस दिखाती घटना सामने आई है. यहां एक गाड़ी को रोकने का प्रयास करने पर एक पुलिसकर्मी को करीब 25 किलोमीटर तक पिकअप वैन के बोनट पर घसीटा गया. नवसारी पुलिस स्टेशन में पिकअप वैन के चालक सहित सात लोगों के खिलाफ अपहरण और जान को खतरे में डालने के आरोप में शिकायत दर्ज की गई है।
सूरत पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल गणेश चौधरी और किशन गोविंद शनिवार सुबह नवसारी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में ड्यूटी पर थे. उस समय उन्होंने नवसारी शहर में होटल अशोक के पास एक पिकअप वैन को रोका और चालक से गाड़ी के कागज दिखाने के लिए कहा।
चालक कागजात नहीं दिखा पाया तो उसने मौके से भागने की कोशिश की तो चौधरी ने गाड़ी में बैठे लोगों में से एक को पकड़ लिया और उसके बोनट पर चढ़ गया। पुलिस ने बताया कि बावजूद इसके चालक राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर कार चलाता रहा। पुलिस ने बताया कि पलसाना तालुका के बालेश्वर गांव में पहुंचने के बाद चालक ने ब्रेक लगाया, जिसके कारण कांस्टेबल जमीन पर गिर गया. बताया गया कि पिकअप वैन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस कांस्टेबल को इस घटना में चोट लगी और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मामले में नवसारी शहर पुलिस स्टेशन के पास पिकअप वैन के चालक सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में शिकायत दर्ज की. नवसारी पुलिस के उप-निरीक्षक तरुण कुमार पटेल ने कहा, ‘चौधरी की हालत स्थिर है और उन्हें छुट्टी दे दी गई है. वाहन के पंजीकरण के आधार पर, हम घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।



