मनोरंजन

Bollywood: मामा – भांजे का विवाद हुआ खत्म, कृष्णा ने दिया बयान, कहा – डंडे खाने के लिए हूं तैयार..

मुंबई। सुपरस्टार गोविंदा अपने काम के साथ-साथ अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के परिवार के बीच का लंबे वक्त से चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है.

दरअसल भांजी आरती सिंह की शादी में सारे गिले-शिकवे मिटाकर गोविंदा अपने बेटे के साथ पहुंचे. उन्होंने दुल्हा-दुल्हन के साथ-साथ भांजे कृष्णा और उनकी पत्नी कश्मिरा शाह को भी आशिर्वाद दिया. माना जा रहा है कि मामा-भांजे के बीच अब सब सही हो गया है.

गोविंदा और कृष्णा के बीच का मनमुटाव पिछले 8 साल से चलता हुआ आ रहा था. लेकिन गोविंदा ने बड़प्पन दिखाते हुए सारी पुरानी कड़वाहट मिटा दीं. अपने मामा को शादी में देख कॉमेडियन कृष्णा भी खुशी से फूले नहीं समा पाए. वहीं, ईटाइम्स से बातचीत के दौरान कृष्णा ने बताया कि कैसे वह अपने मामा को देख इमोशनल हो गए थे.

कॉमेडियन की मानें तो – उन्हें अंदर से ये स्ट्रॉन्ग फीलिंग आ रही थी कि चीची मामा आरती की शादी में जरूर आएंगे. क्योंकि वो सभी से बहुत प्यार करते हैं. उनके मन में जो भी मनमुटाव था वो सब आरती की शादी में आकर उन्होंने खत्म कर दिया. वो हमारे लिए पिता की तरह हैं. उन्होंने हमारा काफी ख्याल रखा है. उन्होंने शादी में आकर परिवार पूरा कर दिया. मामा ने पापा की कमी पूरी कर दी. आरती को दुल्हन बना देख मामा की आंखें नम हो गई थीं.

कृष्णा ने आगे बात करते हुए कहा कि उनकी इच्छा थी की मामी सुनीता और टीना भी आरती की शादी में आतीं. लेकिन कॉमेडियन का मानना है कि एक शुरुआत तो हो गई है. अब एक दिन वह उनसे मिलने चले जाएंगे. उनकी डांट और डंडे खाने के लिए तैयार रहेंगे. कृष्णा ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि वह अपनी मामी से कहेंगे कि, जो कहना है कह लो, लेकिन अब बस हो गया.

Related Articles

Back to top button