जानें बेसन की नायलॉन सेव बनाने की विधि…

आवश्यक सामग्री
बेसन 1 कप
नमक ¼ छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर 1 चुटकी
तेल ¼ कप
सेव तलने के लिए तेल
नायलॉन सेव बनाने की विधि
नायलॉन सेव एक बहुत लोकप्रिय सेव है. इसे कई जगह और कई रेसिपीज में इस्तेमाल किया जाता है. इसका ज्यादा इस्तेमाल चाट बनाते समय करते है. यह सेव डालने से चाट का स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है.
सेव अक्सर लोग बहार दुकानों से लाना पसंद करते है. पर अब इस स्वादिष्ट नायलॉन सेव के लिए दुकानों पर जाने की जरूरत नहीं है, इस रेसिपी की मदत से आप बड़ी आसानी से यह सेव अपने घर पर बना सकते हो. यह सेव बच्चो को बहुत अच्छी लगती है. इसे आप ऐसे भी खा सकते हो. या तो आप घर पर ही कभी सेव पूरी, भेल या चाट बनाएँगे तब आप इस सेव का इस्तेमाल कर सकते हो.
तो आइये बनाते है बेसन से बनने वाली स्वादिष्ट नायलॉन सेव.
नायलॉन सेव बनाने के लिए बड़े बर्तन में एक कप बेसन डाल कर इसमें नमक, हल्दी पाउडर और ¼ कप तेल डाल कर सारी चीजों को अच्छे से मिला दीजिए और इसमें थोड़ा थोड़ा पानी डाल कर चपाती जैसा सॉफ्ट आटा गूथ कर तैयार कर लीजिए.
आटे को 10 मिनट ढक कर सेट होने के लिए रख दीजिए.
कढ़ाई में तेल डाल कर गरम कर लीजिए.
सेव बनाने के मशीन ले कर उसमे छोटे छेद वाली जाली लगाइए और थोड़ा तेल मशीन के कंटेनर में और थोड़ा जाली पर लगा दीजिए.
हाथो पर हल्का सा तेल लगा कर थोड़ा सा गुथा हुआ बेसन का आटा ले कर उसे सेव बनाने वाली मशीन के कंटेनर में भर दीजिए और मशीन का ढक्कन लगा दीजिए.
सेव तलने के लिए तेल को मध्यम गरम कर लीजिए.
तेल के गर्म होने पर उसे चेक करने के लिए उसमे बेसन के छोटी से गोली डाल कर देखिए. यह तुरंत सिक कर ऊपर आ जाए तो तेल पर्याप्त गर्म हो चुका है.
अब मशीन को कढ़ाई के थोड़ा ऊपर रख कर कढ़ाई में डायरेक्ट सेव बनाइए. एक बार में कढ़ाई में जितनी सेव आ जाए उतनी ही डालिए.
गैस की आंच मध्यम से कम रखिए.
जैसे ही तेल में झाग कम होने लगे और सेव सीक कर ऊपर आ जाएं वैसे ही उसे पलट दीजिए.
तले हुए सेव को एक प्लेट पर टिश्यू पेपर रख कर उसमे निकाल दीजिए.
एक बार की सेव तलने में 2 से 3 मिनट लग जाते है.
इसी तरह बचे हुए बेसन की भी इसी तरह सेव बना कर तल लीजिए.
नायलॉन सेव बन कर तैयार है. सेव के पूरी तरह ठंडा होने पर इसे किसी भी कंटेनर मे भर कर आप 2 से 3 महीनो तक इसे इस्तेमाल कर सकते है.
टिप्स :
सेव को ज्यादा गर्म तेल में ना तले वरना यह जल सकती है.
कढ़ाई में सेव डालने के बाद गैस की आंच मध्यम से कम रखिए.




