प्रेमी आया था प्रेमिका से मिलने घर, घर वालों ने पीट पीट कर दी हत्या, इधर प्रेमिका ने भी फांसी लगाकर दे दी जान

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक लड़की ने खुदकुशी कर ली। उसने ये कदम तब उठाया जब उसके परिवार के सदस्यों ने उसके प्रेमी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। सहारनपुर में थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के इस्लामनगर में एक लड़की के घर में घुसने पर एक लड़के को पीट-पीट कर मार डाला गया, बाद में उस लड़की ने खुदकुशी कर ली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुच गई| सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा भी गांव पहुंचे और दोनों परिवारों के परिजनों से मुलाकात कर मामले को शांत कराने की कोशिश की| पुलिस ने दोनों की लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है| दो समुदायों का मामला होने के कारण गांव में पीएसी और पुलिस तैनात किया गया है।
इस्लाम नगर गांव के जियाउर्रहमान का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक युवती से चल रहा था। एक नवंबर को जियाउर्रहमान युवती से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया था। लेकिन तभी युवती के परिजनों ने उसको पकड़ लिया था। जिसकी लाठी-डंडों से पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया था। गंभीर चोट के कारण युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए देहरादून ले जाया गया….इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई|
युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद युवती ने गुरुवार को घर में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही SSP विपिन ताडा, एसपी सिटी अभिमन्यु, सीओ अजेंद्र यादव, थाना प्रभारी आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। SSP ने दोनों के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गुरुवार को SSP विपिन टाडा ने बताया, “दोनों पक्षों द्वारा जो तहरीर दी जाएगी उस पर कार्रवाई होगी। SSP विपिन टाडा ने बताया,”दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आ जाने के बाद ही उसके आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यहां पर शांति व्यवस्था है एहतियात के तौर पर यहां पर पुलिसबल तैनात किए गए हैं|





