ख़ुशख़बरी: IRCTC ने भक्तों के लिये फिर शुरू की आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन, 20 अक्टूबर से रवाना होगी देखिये पूरी न्यूज़-

दिल्ली। कोरोना की दूसरी लहर धीमी पड़ने के साथ ही भारतीय रेलवे ने उन तमाम ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे शुरू कर दिया है. वहीं आईआरसीटीसी (IRCTC) भी अब तीर्थ यात्रियों के लिए आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है. ये आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन आगामी 20 अक्टूबर को राजगीर से चलेगी और तिरुपति बालाजी, मदुरई,रामेश्वरम, कन्याकुमारी आदि दर्जनों धार्मिक स्थलों का दर्शन कराते हुए 02 नवंबर 2021 को वापस लौटेगी.
कोरोना त्रासदी की वजह से देश मे पर्यटन व्यवसाय भी काफी प्रभावित हुआ है. लेकिन अब जब कोरोना की दूसरी लहर काफी हद तक सुस्त पड़ चुकी है तो ऐसे में तीर्थ यात्रियों की मांग पर आईआरसीटीसी “आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन” एक बार फिर चलने जा रही है.
जानिए…..आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन का रूट
यह ट्रेन राजगीर से खुलकर नालंदा, बिहार शरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर दिलदारनगर और दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए तिरुपति पहुंचेगी. तीर्थ यात्रियों को बालाजी के दर्शन कराने के बाद यह ट्रेन मदुरई पहुंचेगी. जहां तीर्थ यात्री मीनाक्षी मंदिर का दर्शन करेंगे. मदुरई से यह ट्रेन रामेश्वरम पहुंचेगी. रामेश्वरम में तीर्थ यात्री रामनाथ स्वामी मंदिर का दर्शन करेंगे. रामेश्वरम के बाद यह ट्रेन कन्याकुमारी पहुंचेगी, जहां तीर्थ यात्री कन्याकुमारी टेंपल और विवेकानंद रॉक को देख सकेंगे.
इसके बाद यह ट्रेन त्रिवेंद्रम पहुंचेगी जहां पद्मनाभस्वामी मंदिर का दर्शन होगा. इसके बाद वाराणसी में तीर्थयात्री काशी विश्वनाथ मंदिर का दर्शन कर सकेंगे. तीर्थ यात्रियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों का दर्शन कराते हुए यह ट्रेन 13 दिन 14 रात के बाद 02 नवंबर 2021 को वापस राजगीर पहुंचेगी.
तीर्थ यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
15 कोच वाली इस ट्रेन में सवार तीर्थ यात्रियों के लिए स्लीपर क्लास की व्यवस्था होगी. साथ ही शाकाहारी भोजन मिलेगा. तीर्थ यात्रियों को घूमने के लिए बस और ठरहने के लिए धर्मशाला की व्यवस्था होगी. यह सभी इंतजाम IRCTC की तरफ से उपलब्ध कराए जाएंगे. ट्रेन में सुरक्षा और कोविड से बचाव के भी इंतजाम रहेंगे. हर कोच में एक सिक्योरिटी गार्ड और टूर एस्कॉर्ट होगा. साथ ही मास्क, फेस शील्ड और सैनिटाइजर भी उपलब्ध होगा.
कितना होगा किराया और कैसे कराएं टिकट बुकिंग?
इस आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन का किराया प्रति यात्री ₹900 प्रतिदिन तय किया गया है. ये पूरी यात्रा 13 रात 14 दिन की होगी. जिसका कुल किराया 13230 रुपये होगी. इस ट्रेन में सफर के लिए टिकट बुकिंग (Ticket Booking) के लिए आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर जाना होगा. इसकी डिटेल्ड जानकारी के लिए आईआरसीटीसी ने मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं. यात्री 9771440052/56/58 पर कॉल कर सकते हैं.
इस संदर्भ में आईआरसीटीसी के डीडीयू जंक्शन के एरिया मैनेजर अमित प्रकाश ने बताया कि तीर्थ यात्रियों की तरफ से आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए काफी डिमांड आ रही थी. जिसको देखते हुए इस ट्रेन का परिचालन सुनिश्चित किया गया है. वहीं. IRCTC पटना के रीजनल मैनेजर राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि इस ट्रेन में कोविड प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा जाएगा. उन्होंने बताया कि ट्रेन में डॉक्टर्स की व्यवस्था भी होगी. अगर किसी तीर्थ यात्री को कोई परेशानी हो तो उनको तत्काल इलाज की सुविधा मिल सके.




