इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का 43वां मुकाबला दुबई के मैदान पर किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 126 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम महज 114 रन पर ऑलआउट हो गई और पंजाब ने 12 रन से मैच जीता।
कप्तान डेविड वार्नर ने 20 गेंदों पर 35 रन की तेज पारी खेली और रवि बिश्नोई की गेंद पर कैच आउट हुए। वार्नर का कैच केएल राहुल ने पकड़ा। जॉनी बेयरस्टो को मुरुगन अश्विन ने 19 रन पर आउट किया तो वहीं अब्दुल समद 7 रन बनाकर मो. शमी का शिकार बने। मनीष पांडे 15 रन बनाकर क्रिस जोर्डन की गेंद पर आउट हो गए। अर्शदीप सिंह की गेंद पर विजय शंकर 26 रन बनाकर आउट हुए और उनका कैच केएल राहुल ने पकड़ा।
यहां से हैदराबाद के विकटों का पतझड़ शुरू हुआ और एक के बाद एक 5 विकेट गिरे। इस दौरान महज 2 रन बन पाए। 112 रन के स्कोर तक हैदराबाद के 5 विकेट गिरे थे। क्रिस जॉर्डन ने 18.3 ओवर में जेसन होल्डर को और फिर अगली गेंद पर राशिद खान को आउट किया। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर संदीप शर्मा, तीसरी गेंद पर रियान पराग और पांचवीं गेंद पर खलील अहमद के आउट होने के साथ हैदराबाद की पारी खत्म हुई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल और मनदीप सिंह ने उठाई। दोनों ने पहले 4 ओवर में 24 रन जोड़े। हालांकि, पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर मनदीप 14 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए। उनको संदीप शर्मा ने राशिद खान के हाथों कैच आउट कराया। क्रिस गेल के रूप में पंजाब को दूसरा झटका लगा जो 20 गेंदों में 20 रन बनाकर जेसन होल्डर की गेंद पर आउट हुए।
पंजाब को तीसरा झटका कप्तान केएल राहुल के रूप में लगा जो राशिद खान की गुगली पर 27 गेंदों में 27 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। पंजाब को चौथा झटका ग्लेन मैक्सेवल के रूप में संदीप शर्मा ने दिया। संदीप शर्मा ने ग्लेन मैक्सवेल को 12 रन के निजी स्कोर पर डेविड वार्नर के हाथों कैच आउट कराया। पांचवीं सफलता राशिद खान ने हैदराबाद को दिलाई। उन्होंने दीपक हुड्डा को बिना खाता खोले बेयरेस्टो से स्टंप आउट कराया।




