
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में बुधवार को रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कप्तान रोहित शर्मा और कोच राहुल द्रविड़ युग का शानदार आगाज हुआ है। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 164 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने रोहित शर्मा (48रन, 36 गेंद, 5 चौके, 2 छक्के)और सूर्यकुमार यादव (62 रन, 40 गेंद, 6 चौके और 3 छक्के) की धांसू बैटिंग के दम पर 2 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।
सूर्यकुमार और रोहित रहे जिन्होंने क्रमश: 62 और 48 रन की पारियां खेली। सूर्यकुमार ने 40 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के जड़े जबकि रोहित ने 36 गेंदों का सामना करके पांच चौके और दो छक्के लगाए। के एल राहुल 15 रन बनाकर आउट हो गए जबकि टी20 विश्व कप से बाहर रहने के बाद टीम में वापसी करने वाले श्रेयस अय्यर सहज नहीं दिखे और पांच रन बनाकर अपना विकेट गंवा दिए। पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे वेंकटेश अय्यर ने आते ही डेरिल मिशेल को चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में रविंद्र रचिन को कैच दे बैठे।
ऋषभ पंत ने विजयी रन बनाकर भारत को जीत दिलाई। इससे पहले न्यूज़ीलैंड के मार्टिन गप्टिल और मार्क चैपमैन के अर्धशतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने छह विकेट पर 164 रन बनाए। गप्टिल ने 42 गेंद में 70 और चैपमैन ने 50 गेंद में 63 रन की पारी खेली। एक समय पर लग रहा था कि न्यूजीलैंड टीम 180 पार का स्कोर बनाएगी लेकिन रविचंद्रन अश्विन ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर रनगति पर अंकुश लगाया। अश्विन ने चार ओवर में 23 रन देकर और भुवनेश्वर कुमार ने 24 रन देकर दो दो विकेट लिए।




