Ind vs Aus 2nd ODI 2020 – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे दुसरे वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 389 रन बनाए हैं. टीम के लिए मध्यक्रम के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने आज फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 64 गेंद में 104 रन की शतकीय पारी खेली. स्मिथ ने अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान 14 चौके और दो गगनचुंबी छक्के लगाए।
ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत कप्तान एरोन फिंच और डेविड वॉर्नर ने की. दोनों खिलाड़ियों ने संभलकर खेलते हुए 22.5 ओवर में 142 रन की शानदार शतकीय साझेदारी की, लेकिन इसी स्कोर पर कप्तान एरोन फिंच बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में तीस गज के अंदर विराट कोहली के हाथों लपके गए. फिंच ने जहां 69 गेंदों में छह चौके और एक छक्का की मदद से 60 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं वॉर्नर ने 77 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 83 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए इन खिलाड़ियों के अलावा विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने महज 29 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 63, मार्नस लाबुशैन ने 61 गेंद में पांच चौके की मदद से 70 और मोइसेस हेनरिक्स ने एक गेंद में नाबाद दो रन की पारी खेली।
टीम इंडिया के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने क्रमशः एक-एक सफलता प्राप्त की. शमी ने अपने नौ ओवरों के कोटे में जहां 73 रन लुटाए, वहीं बुमराह ने अपने 10 ओवरों के स्पेल में 79 रन खर्च किए. इसके अलावा भारतीय खिलाड़ियों ने आज ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को रन आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।




