सुकमा जिले में सुरक्षा बल के एक जवान ने आत्महत्या कर ली है। रविवार की सुबह जवान ने अपने सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की पुष्टि एसपी केएल ध्रुव ने की है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुसपाल थाने में सीएएफ 4 बटालियन में तैनात जवान दिनेश वर्मा ने आत्महत्या कर ली। मृतक भिलाई के शांति नगर का रहने वाला था। बताया गया है कि दो दिन पहले ही वह अपने घर से लौटा था।
रविवार की सुबह करीब 8.50 बजे जवान दिनेश वर्मा ने बैरक में जाकर सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जवान की मानसिक स्थिति ठीक नही थी। इधर, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि बीते 24 घंटे के भीतर दक्षिण बस्तर में पदस्थ दो जवानों ने खुदकुशी की है। बीजापुर जिले के पामेड़ थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने भी अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली थी, जिससे उसकी मौत हो गई।



