भारत का स्वतंत्रता दिवस – आत्मनिर्भर भारत होगी इस बार थीम
इस बार 15 अगस्त को भारत अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। आज ही के दिन भारत को ब्रिटिश हुकूमत से आजादी मिली। पूरी दुनिया इस बार कोरोना महामारी से लड़ रही है ऐसे समय में भारत सरकार ने इस साल स्वतंत्रता दिवस 2020 की थीम ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान पर रखी गई है।
बता दें कि सभी राज्यों के आवासीय आयुक्त स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को आत्मनर्भर भारत अभियान से जोड़कर मुहिम चला रहे हैं। आवासीय आयुक्त संबंधित राज्यों के दिल्ली में बतौर प्रतिनिधि पदस्थापित होते हैं। दिल्ली में पदस्थापित विभिन्न राज्यों के आवासीय आयुक्तों को ताकीद किया गया कि 14 से 16 अगस्त तक सभी सरकारी भवनों और राज्य भवनों को रोशन किया जाए।
सभी आवासीय आयुक्तों के साथ रक्षा सचिव की ऑनलाइन बैठक गत 7 जुलाई को हुई थी। एक पेज के एजेंडा-पेपर में रक्षा सचिव की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी ऐसा आयोजन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नहीं किया जाए जिससे सामाजिक दूरी एवं रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हो। इस बार डिजिटल के माध्यम से ऑनलाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा सकता है।



