राजनांदगांव कांग्रेस भवन का शिलान्यास कार्यक्रम आज विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान भूमि पूजन कार्यक्रम में इंटरनेट के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य नेता गण शामिल हुए।
राजनांदगांव शहर के जयस्तंभ चौक स्थित कांग्रेस भवन का जीर्णोद्धार करते हुए नवीन कांग्रेस भवन का निर्माण किया जाना है, जिसके लिए आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस भवन का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस भूमि पूजन कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक के जरिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर सहित अन्य नेतागण ऑनलाइन शामिल हुए। भूमि पूजन के अवसर पर राहुल गांधी, प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भूमि पूजन में शामिल राजनांदगांव शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को इस अवसर पर संबोधित किया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राजनांदगांव कांग्रेसी प्रभारी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा कि आज का यह पल काफी गौरवशाली है, जब प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस भवन के रूप में राजीव भवन का निर्माण होने जा रहा है। राजनांदगांव कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस भवन आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा और यहां आने वाली आम लोगों की समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा।
भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के 22 जिलों में कांग्रेस भवन के रूप में राजीव भवन का निर्माण होना है। जिसके लिए आज भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न किया गया है। राजनांदगांव के इस कांग्रेस भवन का भूमि पूजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, तो वहीं इस भूमि पूजन की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की और विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर भूमि पूजन में ऑनलाइन शामिल हुए।




