inh24छत्तीसगढ़

नक्सलियों की कायराना करतूत, पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा युवक की डंडे से पिट पिट कर हत्या

राजनांदगांव – जिले में नक्सलियों ने डंडे से पीट-पीटकर की युवक की हत्या कर दी। जिले के नक्सल प्रभावित गांव कलवर में मंगलवार रात आधा दर्जन से अधिक वर्दीधारी नक्सली पहुंचे और गांव के युवक घर से उठाकर कांकेर रोड पर घुड़पाल गांव के नाले के पास ले गए।

पुलिस मुखबिरी के शक में युवक को इतना पीटा की युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल मदनवाड़ा थाना पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात नक्सलियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जिले के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव कलवर निवासी रामजी मंगलवार रात सपरिवार सोया था।

बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने उसके घर के दरवाजे पर दस्तक दी। आहट सुनकर घरवाले उठे तो नक्सली जबरन घर में घुस गए और रामजी को उठाकर अपने साथ कांकेर रोड पर घुड़पाल गांव के कच्चे रास्ते में नाले के पास ले गए।

नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उसकी पिटाई शुरू कर दी। लाठी-डंडे के साथ मुक्के से भी मारपीट की गई। उसे इतना पीटा कि मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह तक जब रामजी घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। उनको कच्चे रास्ते में ही नाले के पास रामजी का शव पड़ा मिला।

मानपुर एएसपी पुल्केश कुमार ने बताया कि जवानों को सघन तलाशी करने कहा गया है। मृतक पुलिस का मुखबिर नहीं था, बल्कि निर्दोष युवक की हत्या की गई है। पिछले एक माह के भीतर नक्सलियों की यह दूसरी घटना है। इससे पहले नक्सलियों ने औंधी क्षेत्र में एक ग्रामीण की पुलिस मुखबिरी के शक में ही हत्या की थी

Related Articles

Back to top button