
सोनु केदार- अंबिकापुर में धारा 144 लागू है बावजूद इसके महा यज्ञ समिति के द्वारा भव्य महायज्ञ के आयोजन कराने की तैयारी की जा रही है। जबकि कलेक्टर ने इसकी अनुमति नहीं दी है। इस आयोजन से कोरोना के विस्फोटक होने की संभावना बनी हुई है।
पूरा नजारा है अंबिकापुर शहर के अग्रसेन चौक स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने का है जहां कोविड-19 के नियमों को ताक पर रखकर भव्य महायज्ञ एवं भागवत कथा के आयोजन की तैयारी चल रही है। यह कार्यक्रम 13 अप्रैल से 21 अप्रैल तक आयोजित होगा। जानकारी के मुताबिक महायज्ञ समिति के द्वारा यह कार्यक्रम करवाया जा रहा है। जिस तरह की इस आयोजन को लेकर तैयारी चल रही है इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस महायज्ञ एवं भागवत कथा के दौरान हजारों की संख्या में भीड़ जुटेगी।

लेकिन सवाल अब यह उठता है कि अंबिकापुर में धारा 144 लागू बावजूद इसके महायज्ञ समिति किसकी अनुमति से इस आयोजन की तैयारी कर रही है। जबकि कलेक्टर संजीव कुमार झा ने साफ कर दिया कि ऐसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और साथ ही उनके द्वारा इस महायज्ञ के आयोजन के लिए अनुमति भी नहीं दी गई है।

गौरतलब है कि सरगुजा जिले में रोजाना भारी तादाद में कोरोना से संक्रमित मरीज मिल रहे। ऐसे में कलेक्टर ने शाम 6:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। साथ ही प्रशासनिक अमला कोरोना की दूसरी लहर से निपटने के लिए सड़क पर उतर गया है ताकि लोग कोविड-19 ने नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। यही नहीं बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर ने धार्मिक स्थलों पर आम नागरिकों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में इस महायज्ञ के आयोजन पर सवाल उठ रहा है।
जाहिर सी बात है इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोग शामिल होने पहुंचेंगे और यही से कोरोना के विस्फोटक होने का खतरा भी बढ़ेगा। बहरहाल बढ़ते कोविड-19 के संक्रमण को रोकने एवं नागरिकों के हितों के लिए प्रशासन इस आयोजन पर प्रतिबंध लगाता है या नहीं यह देखने वाली बात होगी।




