
रायपुर। गुढ़ियारी इलाके के नवकार ज्वेलर्स शॉप में बड़ी चोरी की वारदात हुई। चोरी हुए गहनों की कीमत सवा करोड़ से अधिक है। इस घटना को तीन से चार चोरों ने देर रात अंजाम दिया है। चोर छत के रास्ते से दुकान में दाखिल हुए। छत में एक लोहे के गेट को गैस कटर से काटा गया। यहीं से बदमाश अंदर आए। सीढ़ियों से नीचे आकर CCTV कैमरे के सेटअप में लगे DVR को निकाल लिया। DVR को बदमाश अपने साथ ले गए हैं। तीन से चार युवकों के ज्वेलरी शॉप के अंदर आने की बात कही जा रही है।
इसके बाद आरोपियों ने दुकान में रखे गहनों को 3-4 बैग में पैक किया और खाली डिब्बों को यही छोड़कर फरार हो गए। नवकार ज्वेलर्स में ही आरोपी अपना गैस कटर छोड़कर भागे हैं। इस गैस कटर के जरिए आरोपियों ने दुकान की बड़ी तिजोरी और सेफ हाउस का दरवाजा भी काट दिया। अंदर रखे बेशकीमती गहने चुरा लिए। दुकान के बाहर लगा शटर बंद था। रात के वक्त कुछ घंटों तक बदमाश अंदर ही रहे और चोरी की घटना को अंजाम देते रहे, किसी को पता तक नहीं चला कि अंदर हो क्या रहा है। नवकार ज्वेलर्स के ठीक बगल की जलाराम गारमेंट्स नाम की दुकान है। इसे बीते गुरुवार एक युवक ने आकर किराए पर लेने की बात की।



