जांजगीर – दूसरे जाती में प्रेम विवाह करने पर युवक व उसके परिजनों का सामाजिक बहिष्कार करने वाले कुर्मी समाज के 17 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि बिर्रा थाना क्षेत्र के प्रार्थी घिवरा निवासी आशीष कुमार ने ग्राम अरसिया निवासी युवती से मार्च 2016 को आर्य समाज मंदिर बैजनाथ पारा रायपुर में अंतर्जातीय शादी किया था।
आपको बता दें कि कुर्मी समाज मल्दा परिक्षेत्र के समाज के मुखिया युवक के परिजनों को यह कहकर कि उनका लड़का साहू समाज में अंतर्जातीय विवाह किया है जिसके लिए कुर्मी समाज से सामाजिक बहिष्कार कर दो साल से अलग करने का फरमान जारी कर दिया। इतना ही नहीं परिवार को 50 हजार रूपये जुर्माना लगाकर समाज से बहिष्कृत करने के बाद आम नागरिकों के अधिकार से वंचित कर सामाजिक खान-पान, मौत-मिट्टी, रोजी-मजदूरी, शादी-विवाह सब पर प्रतिबंध भी लगा दिया गया।
घटना से पीड़ित युवक ने इस बात की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 385, 147 व धारा 7 नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955 के तहत जुर्म दर्ज किया। जाँच के बाद कुर्मी समाज के 17 पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।




