कनकी के जंगल से जुआ खेलते सांसद प्रतिनिधि पकड़ा गया है। पांच आरोपी से 2 लाख 1 हजार रुपए नगद जब्त किया गया है। उरगा पुलिस ने ये कार्रवाई की है। वहीं इसकी सूचना लगने के बाद सांसद ज्योत्सना महंत ने प्रतिनिधि को तत्काल पद से हटा दिया है। दबोचे गए आरोपियों में में एक कबाड़ का बड़ा कारोबारी है, तो एक अन्य सांसद प्रतिनिधि। पुलिस ने सभी के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
उरगा पुलिस ने मीडिया को बताया कि कनकी के कठरापारा जंगल में जुआ खेलने की मिली सूचना पर रविवार की रात को थाना प्रभारी लखनलाल पटेल ने पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर छापेमारी की। जंगल में जुआरी अंधेरे में मोमबत्ती जला कर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया और सभी भागने लगे। फिर पुलिस ने दौड़ा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।



