
रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस की ओर से किए जा रहे आंदोलन को निरर्थक राजनीतिक ढोंग निरूपित किया है। श्रीवास्तव ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए पेट्रोल-डीजल के वेट टैक्स से अपने हिस्से के बतौर हथियाने वाली प्रदेश सरकार और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपनी ओर से प्रदेश के लोगों को राहत पहुंचाने के बजाय किस मुँह से विरोध कर रही है। श्रीवास्तव ने कहा कि पिछले पांच माह में प्रदेश सरकार ने जीएसटी की मद से 2,829 करोड़ रुपए और पेट्रोल-डीजल व शराब से 3,796 करोड़ रुपए कमाए हैं।
इसमें से 2,106 करोड़ रुपए केवल पेट्रोल-डीजल और एयर ट्रैफिक फ्यूल से प्रदेश सरकार को मिले हैं। केन्द्र सरकार के हिस्से में आने वाली कमाई में से भी प्रदेश सरकार को 42 फीसदी हिस्सा वापस मिलता है। श्रीवास्तव ने कहा कि इतनी कमाई के बाद भी प्रदेश सरकार अपने हिस्से के टैक्स की कमाई में कटौती करके प्रदेश की जनता को राहत पहुंचाने की दिशा में पहल करने के बजाय महंगाई पर विरोध प्रदर्शन तक सीमित क्यों है?



