
भोपाल – पीपुल्स मेडिकल कॉलेज में कोवैक्सीन का क्लीनिकल ट्रायल के दौरान टीका लगवाने के नौ दिन बाद 42 वर्षीय वॉलंटियर आदिवासी दीपक मरावी की मौत हो गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया है। कुलपति डॉ. राजेश कपूर का कहना है कि मौत के कारणों का सही से पता विसरा जांच के बाद ही चल पाएगा।
बता दें कि मरावी टीला जमालपुरा स्थित सूबेदार कॉलोनी में अपने घर में मृत पाए गए थे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं वैक्सीन बनाने वाली कंपनी भारत बायोटेक ने इस मामले में अपनी सफाई देते हुए कहा है कि भोपाल में कोवैक्सीन के तीसरे चरण के परीक्षण के तहत टीका लगवाने वाले वॉलंटियर की मौत का उसके टीके से कोई संबंध नहीं है।
Read Also – सेक्स रैकेट का संचालक गिरफ्तार, होटल में चलता था देह व्यापार
मध्य प्रदेश मेडिको लीगल इंस्टीट्यूट के निदेशक ने मीडिया को बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के अनुसार प्रारंभिक जांच में दीपक के शरीर में जहर की पुष्टि हुई है। मौत कोवैक्सीन का टीका लगवाने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद होगी। दीपक के शव का विसरा पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस विसरे का केमिकल परीक्षण कराएगी।
आदिवासी परिवार से आने वाले दीपक मरावी के बेटे ने पुलिस को बताया कि उनके पिताजी को अचानक घबराहट, बेचैनी, जी मिचलाने के साथ उल्टियां होने लगीं फिर कंधे में दर्द भी हुआ था, लेकिन, उन्होंने इसे सामान्य बीमारी समझकर इलाज नहीं कराया। बेटे के मुताबिक कोरोना का डोज लगवाने के बाद से पिता ने मजदूरी पर जाना बंद कर दिया था, वे कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कर रहे थे।
Read Also – Breaking -किसान आंदोलन : सिंघु बॉर्डर पर फिर किसान ने की आत्महत्या, सल्फास खाकर दी जान
इधर कंपनी ने बयान जारी कर कहा, ‘गांधी मेडिकल कॉलेज (भोपाल) की ओर से जारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक वॉलंटियर की मौत संभवत: जहरखुरानी के कारण कार्डियो-रेस्पिरेटरी प्रणाली के फेल हो जाने की वजह से हुई। भोपाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।’ बयान के मुताबिक वॉलंटियर की मौत टीकाकरण के नौ दिन बाद हुई। मामले की शुरुआती जांच में मौत में टीके की कोई भूमिका नहीं मिली है।



