छत्तीसगढ़

पानी मांगने पर बेटे ने किया आनाकानी तो निर्दयी पिता ने ले ली इकलौते बेटे की जान, धमतरी में पिता ही बना शैतान

पिता ने अपने 13 साल के इकलौते बेटे की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी कि बेटे ने पिता के पानी मांगने पर उन्हें पानी नहीं दिया

धमतरी जिले में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. धमतरी के भेंडरी गांव में एक पिता ने अपने 13 साल के इकलौते बेटे की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी कि बेटे ने पिता के पानी मांगने पर उन्हें पानी नहीं दिया. इस बेहद सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मगरलोड थाना पुलिस ने हत्या के आरोपी पिता परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों पैरों से दिव्यांग परमेश्वर साहू अपने घर पर ही था और उसका 13 साल का बेटा सागर भी साथ में था. परमेश्वर साहू को प्यास लगी तो उसने बेटे सागर से पानी लाने को कहा लेकिन बेटे ने पिता को पानी नहीं दिया. इस छोटी सी बात पर परमेश्वर साहू को इतना गुस्सा आया कि उसने सागर का गला तब तक दबाकर रखा जब तक की उसकी सांसें नहीं थम गईं।

इतना ही नहीं परमेश्वर ने बेटे सागर की लाश को घर पर पलंग के पीछे ही छिपा कर रख दिया और चादर से ढंक दिया था. इसके बाद वो फरार होकर दूसरे गांव चला गया. हालांकि परमेश्वर ने इस घटना की सूचना अपने गांव के सरपंच को खुद ही फोन पर दी थी।

पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा सागर की लाश घर के ही कमरे में पड़ी हुई थी। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करा कर वापस परिजनों को सौंपा. वहीं पुलिस ने हत्या के आरोपी परमेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक वह घटना को अंजाम देने के वक्त नशे में भी नहीं था।

इस मामले में धमतरी जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे ने बताया कि आरोपी परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है. मृतक सागर की लाश को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related Articles

Back to top button