Business

अडानी पावर लिमिटेड ने किया रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ एग्रीमेंट, इतने पैसे निवेश करेगी कंपनी

मुंबई। पावर सेक्टर के एक बड़े प्रोजेक्ट में गौतम अडानी और मुकेश अंबानी ने एक साथ एंट्री ली है। दरअसल, अडानी ग्रुप की कंपनी- अडानी पावर लिमिटेड ने रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ 500 मेगावाट के लिए 20 साल के लॉन्ग टर्म पावर परचेज एग्रीमेंट किया है। यह एग्रीमेंट कैप्टिव यूजर्स पॉलिसी के तहत किया गया है। बता दें कि यह पॉलिसी इलेक्ट्रिसिटी रूल 2005 के तहत लाया गया था।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में अडानी पावर ने बताया कि कंपनी की सब्सिडयरी महान एनर्जेन (MEL) ने यह एग्रीमेंट किया है। MEL की कुल ऑपरेशनल कैपिसिटी 2,800 मेगावट की है। इसमें से 600 मेगावाट की एक यूनिट को कैप्टिव यूनिट बनाए जाने का प्रस्ताव है।

अडानी पावर के मुताबिक कैप्टिव पॉलिसी का लाभ उठाने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज को पावर प्लांट की कुल क्षमता के अनुपात में कैप्टिव यूनिट में 26 प्रतिशत स्वामित्व हिस्सेदारी रखनी होगी। ये कैप्टिव यूनिट की टोटल कैपेसिटी के रेश्यो में होगी। अडानी पावर ने बताया कि रिलायंस इसके लिए MEL के 5 करोड़ इक्विटी शेयर के जरिए 50 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस डील के जरिए रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा 500 मेगावाट बिजली की खरीद के लिए एक स्पेशल इंतजाम हो जाएगा। इस संबंध में अडानी पावर, महान एनर्जेन और रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक निवेश समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इधर अडानी पावर ने सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को एक बड़ा ऑर्डर दिया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में 1,600 मेगावाट के रायगढ़ चरण- 2 ताप-विद्युत संयंत्र की स्थापना करने का प्रस्ताव है। यह 4,000 करोड़ रुपये का ऑर्डर है। बीएचईएल के मुतबिक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ चरण-2 में हाई-टेक्नोलॉजी पर आधारित दो गुणा 800 मेगावाट की परियोजना के लिए उपकरणों की आपूर्ति, निर्माण और परिचालन के पर्यवेक्षण के लिए ऑर्डर मिला है।

अडानी पावर के शेयर में गुरुवार को तेजी रही। ट्रेडिंग के दौरान यह शेयर 527 रुपये के भाव तक पहुंच गया। यह एक दिन पहले के मुकाबले एक फीसदी से ज्यादा की बढ़त को दिखाता है। 6 दिसंबर 2023 को यह शेयर 589.30 रुपये के भाव तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है।

Related Articles

Back to top button