Breaking News

शौक के लिए चोर बन गई युवती, ऑनलाइन शॉपिंग के शौक ने बनाया चोर |


नगर पंचायत नवागढ़ में एक युवती ने अपने ही पड़ोसी के सूने घर में 60 हजार रुपए की चोरी की। यहां घर में छिपे कैमरे से चोर का पता चला। पुलिस ने बुधवार आरोपी युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी भारती पिता महेशराम कुंभकार को ऑनलाइन शॉपिंग का शौक है। अपने इसी शौक को पूरा करने के लिए वह पड़ोसी के घर चोरी करने घुसी थी। फिंगर प्रिंट न छूट जाए, इसलिए हाथ में दस्तानों की जगह माेजे पहन रखी थी।

मामले में थाना प्रभारी अजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पीड़ित तिलक कुंभकार (32) नवागढ़ का रहने वाला है। वह मूर्तियां बनाने का काम करता है। इसी सिलसिले में मंगलवार को वह घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। आरोपी भारती उर्फ विधि कुंभकार उसके पड़ोस में रहती है। सूनेपन का फायदा उठाकर युवती ताला तोड़कर घर में घुसी।

बताया जा रहा है कि आलमारी से 60 हजार रुपए कैश चोरी की। इस दौरान उसने हाथ में मोजे पहने हुई थी। युवती ने इतमीनान से पूरी वारदात को अंजाम दिया और अपने घर लौट गई। बेडरूम में छिपे कैमरे में उसकी यह हरकत कैद हो गई। बार- बार चोरी से परेशान हो हिडन कैमरा लगाया। पीड़ित तिलक कुंभकार के घर में बार- बार थोड़े- बहुत कैश चोरी हो रहा था।

परेशान होकर उसने बिना घरवालों की जानकारी के बेडरूम में हिडन कैमरा लगा दिया था। इसी से चोरी करते युवती की फुटेज मिली। बुधवार को जब पुलिस आरोपी युवती को गिरफ्तार करने घर पहुंची, तो उसके परिजन विरोध करने लगे। फिर जब पुलिस ने चोरी की वीडियो दिखाया, तब जाकर युवती ने सरेंडर कर दिया।





Related Articles

Back to top button