Breaking News

तांत्रिक की घिनौनी करतूत आई सामने, भूत-प्रेत भगाने आया घर और नाबालिग से किया दुष्कर्म


अजमेर में एक तांत्रिक की घिनौनी करतूत सामने आई है. उसने एक परिवार को घर से भूत-प्रेत भगाने, क्लेश को दूर करने, आमदनी बढ़ाने और सुख-शांति का झांसा दिया. इसके बाद नाबालिग से दुष्कर्म किया.

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की है. यहां एक परिवार घरेलू समस्याओं से परेशान था. इसी दौरान तांत्रिक के संपर्क में आया. 17 सितंबर की शाम को तांत्रिक अनिल उसके घर आया. घर के मालिक से कहा, “तुम्हारे ससुर पर बहुत बड़ा खतरा मंडरा रहा है. इसका आज ही तांत्रिक विद्या से इलाज करना पड़ेगा.”

इसके बाद तांत्रिक ने बाजार से पूजा करने के नाम पर कुछ सामग्री मंगवाई. खाना खाने के बाद तांत्रिक ने पूजा शुरू की. इस दौरान उसने कुछ चीजें तैयार कीं, जिन्हें पुष्कर ले जाने और परिवार की नाबालिग लड़की को उसके साथ ही रोकने के लिए कहा. इसके पीछे उसने लड़की पर भूत-प्रेत का साया होने की वजह बताई.

रात 11 बजे ससुर-दामाद पुष्कर के लिए निकल गए. इसके बाद रात में ही तांत्रिक ने झाड़-फूंक के बहाने नाबालिग को डरा-धमकाकर कमरे में उसके साथ दुष्कर्म किया. सुबह जब परिवार वापस आया, तो तांत्रिक ने कहा कि सब ठीक हो गया है. अब बच्ची के शरीर में भूत का साया नहीं है. ये सब कहने और तीन हजार रुपए लेने के बाद तांत्रिक चला गया. 19 सितंबर को घबराई नाबालिग ने अपनी बड़ी बहन को घटना की जानकारी दी. इस पर परिवार ने पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया.





Related Articles

Back to top button