लैंडस्लाइड की चपेट में आने से भिलाई के लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पाण्डेय शहीद, सीएम भूपेश ने जताया शोक

इंफाल में हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आने से भिलाई के लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पाण्डेय शहीद हो गए हैं. 107 बटालियन गोरखा राइफल्स मणिपुर में लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पाण्डेय तैनात थे. वे मणिपुर के नोने जिले के तुपुल में रेलवे स्टेशन निर्माण स्थल पर एक बड़े भूस्खलन के बाद लापता हो गए थे। रविवार को उनका शव बरामद कर लिया गया है।
मणिपुर के नोने जिला अंतर्गत जिरिबम रेलवे लाइन और स्टेशन का निर्माण कार्य चल रहा है. बोडो उग्रवादियों की वजह से यह प्रदेश का सबसे रिमोट और संवेदनशील एरिया में है. इसलिए निर्माण कार्य में लगे लोगों की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना की टेरिटोरियल आर्मी की कंपनी 107 को तैनात किया गया है. लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव टीम के कमांडर हैं और बीते तीन वर्षों से वहां पदस्थ हैं.

बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब साढ़े 12.30 बजे यहां पर भूस्खलन हुआ और इसके बाद से ही कपिलदेव पाण्डेय लापता थे. लगातार यहां रेस्क्यू चल रहा था. रविवार को कपिलदेव पाण्डेय का शव बरामद किया गया. कपिल देव पाण्डेय 63/1, नेहरू नगर पूर्व भिलाई के रहने वाले थे. जिस समय यह हादसा हुआ. उसके कुछ देर पहले तक वे भिलाई में अपनी मां से फोन पर बात कर रहे थे। सीएम भूपेश बघेल ने कर्नल कपिल देव पाण्डेय के शहादत पर शोक जताया।





