राहुल के रेस्क्यू के दौरान एसपी विजय अग्रवाल की तबीयत बिगड़ी, हुए एडमिट फिर तुरंत आ गए वापस मोर्चा संभालने

सोमवार की दोपहर बाद से ही एसपी विजय अग्रवाल को हल्की हरारत लग रही थी, लेकिन वो कड़ी धूप में खराब तबीयत के बावजूद रेस्क्यू के काम में जुटे रहे। देर शाम होते-होते उम्मीदें बढ़ी की राहुल तक रेस्क्यू टीम पहुंच गई है। उसे कभी भी निकाला जा सकता है।
ऐसे में अपनी स्वास्थ्य की चिंता छोड़ एसपी विजय अग्रवाल रेस्क्यू टीम के बीच मौजूद रहे। रात को सीएम भूपेश बघेल द्वारा ग्रीन कॉरिडोर बनाकर राहुल को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पहुंचाने की जिम्मेदारी एसपी थी। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन छोड़कर जाया भी नहीं जा सकता था।
बताया गया कि शाम होते ही एसपी अग्रवाल को तेज बुखार आना शुरू हो गया था। मंगलवार की सुबह होते-होते उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पपताल ले जाया गया। उन्हें ड्रिप चढ़ाया गया है, जिसके बाद उनकी तबीयत में थोड़ा सुधार दिखा। अग्रवाल अस्पताल से मौके पर फिर लौट आए और रेस्क्यू के काम में जुट गए हैं।
डाक्टरों के मुताबिक धूप और गर्मी में बिना आराम के लगातार काम करने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी है। डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है, लेकिन फिर एसपी अग्रवाल पिहरीद गांव पहुंच कर राहुल के रेस्क्यू अभियान में जुट गए हैं।





