Breaking News

छग – देवीप्रसाद ने लिया पत्नी और बहू के लिए दो-दो तोला सोना, सरकारी योजना का मिला लाभ


मुख्यमंत्री श्री बघेल के कोरबा जिले के नोनबिर्रा पहुंचने पर हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारी कर्मचारियों एवं आमजनों ने पुष्प गुच्छ, गुलदस्ता भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। साथी ग्रामीणों ने तेंदू फल और सूत धागा के माला पहनाकर मुख्यमंत्री श्री बघेल का अभिनंदन किया। साथ ही हेलीपैड पर ग्राम रेंकी के ग्रामीणों ने करमा नृत्य कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पारंपरिक धुन और मांदर की थाप पर करमा नृत्य ने मुख्यमंत्री श्री बघेल का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री के स्वागत में भारी संख्या में ग्रामीणजन हेलीपैड पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सभी जनता का स्वागत स्वीकार करते हुए सभी का अभिवादन किया। जनजाति सदस्यों द्वारा खुशी के अवसर पर करमा नाच किया जाता है। आदिवासी संस्कृति की विशेष पहचान करमा नृत्य जनजाति सदस्यों द्वारा फसल कटाई की खुशी और त्योहारों पर किए जाने वाला विशेष नृत्य है।

नोनबिर्रा में मुख्यमंत्री श्री बघेल के स्वागत के दौरान कटघोरा क्षेत्र के विधायक श्री पुरुषोत्तम कंवर, पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक श्री मोहित राम केरकेट्टा, गौ सेवा आयोग के सदस्य श्री प्रशांत मिश्रा, जनपद अध्यक्ष पाली श्रीमती दुलेश्वरी सिदार, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद दीपका श्रीमती संतोषी दीवान, राम कुमार श्रीवास, श्रीमती मीरा कंवर, श्रीमती प्रमिला कंवर सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।

प्रशासन की तरफ से मुख्यमंत्री का स्वागत बिलासपुर संभागायुक्त डॉ संजय अलंग, पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री संजीव झा, पुलिस अधीक्षक श्री संतोष सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री नूतन कंवर, डीएफओ कटघोरा श्रीमती प्रेमलता यादव और अन्य अधिकारियों ने किया।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ग्राम नोनबिर्रा स्थित भेंट-मुलाकात स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलन, माल्यार्पण एवं छत्तीसगढ़ के राज्यगीत के साथ भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की शुरुआत की। किसान देवीप्रसाद पटेल ग्राम नोनबिर्रा ने बताया कि उन्होंने 75 क्विंटल धान बेचा, जिसके एक लाख रुपए खाते में आए हैं। उन्होंने बताया सब्जी का धंधा भी करता हूं। शासन की योजनाओं का लाभ ले रहा हूं। मुख्यमंत्री के पूछे जाने पर देवीप्रसाद ने कहा कि पत्नी और बहू के लिए दो-दो तोला सोना लिया है।

ग्राम छिंदपुर के किसान देवसिंह राठौर ने बताया कि उनका 50 हजार रुपए ऋण माफ़ हुआ है। बिजली बिल भी हाफ़ योजना का भी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उनके गांव में ज्यादा बिजली बिल आने की समस्या आ रही है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि ऋणमाफी से बचे हुए पैसों का क्या किया, इस पर देवसिंह ने बताया कि उनका उपयोग घर खर्चे में किया है।

राशन कार्ड बनने के संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा पूछे जाने पर छीर पानी की रहने वाली सुनीता ने बताया कि खाद्यान्न योजना के अंतर्गत पर्याप्त राशन मिल रहा है। मुफ्त में नमक भी मिल रहा है। सुनीता ने गैस के दाम कम करने की बात कही, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गैस के दाम केंद्र सरकार तय करती है। सुनीता ने मुख्यमंत्री से गांव के आंगनबाड़ी में मितानिन न होने की जानकारी देते हुए मितानिन पदस्थ करने का आग्रह किया।

तिवरता (हरदी बाजार) के किसान रमेश कुमार जांगड़े ने वन अधिकार पट्टा अब तक नहीं मिलने की बात कही, उन्होंने बताया कि विशेष ग्राम सभा में तीन पीढ़ी से भूमि पर काबिज होने का साक्ष्य सिद्ध हो गया है, इसके बावजूद भी पट्टा नहीं मिला। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने कल तक उन्हें वन अधिकार पट्टा देने के अधिकारियों को निर्देश दिए और पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री द्वारा जाति प्रमाण पत्र के बारे में पूछे जाने पर आरती चौहान, उर्तला ने बताया कि उसका सर्टिफिकेट नहीं मिल पा रहा, इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रकरण को देखकर जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।





Related Articles

Back to top button