सावन सोमवार का महत्व एवं कैसे करें व्रत एवं पूजन जानिए यहां
श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को शिव जी के व्रत किया जाता हैं। श्रावण मास में शिव जी की पूजा का विशेष विधान हैं। कुछ भक्त जन तो पूरे मास ही भगवान शिव की पूजा-आराधना और व्रत करते हैं। अधिकांश व्यक्ति केवल श्रावण मास में पड़ने वाले सोमवार का ही व्रत करते हैं। श्रावण मास के सोमवारों में शिव जी के व्रतों, पूजा और शिव जी की आरती का विशेष महत्त्व है। शिव जी के ये व्रत शुभदायी और फलदायी होते हैं। इन व्रतों को करने वाले सभी भक्तों से भगवान शिव बहुत प्रसन्न होते हैं।
सावन मास में देश भर के शिवालय श्रद्धालुओं से पट जाते हैं। भगवान शंकर ने स्वयं अपने श्री मुख से ब्रह्माजी के मानस पुत्र सनतकुमार सावन मास की महिमा इस प्रकार बताई थी। ‘‘मेरे तीन नेत्रों में सूर्य दाहिने चंद्र वाम नेत्र तथा अग्नि मध्य नेत्र हैं। चंद्रमा की राशि कर्क और सूर्य की सिंह है। जब सूर्य कर्क से सिंह राशि तक की यात्रा करते हैं, तो ये दोनों संक्रांतियां अत्यंत पुण्य फलदायी होती हैं और यह पुण्यकाल सावन के महीने में ही होता है अर्थात ये दोनों ही संक्रांतियां सावन में ही आती हैं। अतः सावन मास मुझे अधिक प्रिय है।’’
कर्क संक्रांति से सिंह संक्रांति तक सूर्य की यात्रा का आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व सूर्य जब कर्क राशि में होते हैं, जो भगवान शंकर का बायां नेत्र है, तो भगवान शिव के बायंनेत्र में स्थित करुणा, दया इत्यादि को द्रवित अर्थात अधिक तरल कर देते हैं और जब कर्क राशि अर्थात बायें नेत्र से सिंह राशि (दहिने नेत्र) की ओर चलते है तो सूर्य की किरणों के साथ भगवान शिव की करुणा और दया भूमंडल पर बरसती हुई चलती है।
सूर्य के साथ-साथ भगवान शिव के नेत्र भूमंडल के समस्त जीवों को अपनी कृपा दृष्टि से देखते और जलासिक्त करते हुए चलते हैं। सावन के पवित्र योग में किया गया शिव पूजन और व्रत असीम फलदायी होता है। वैज्ञानिक दृष्टि से कर्क संक्रांति से सिंह संक्रांति तक की अवधि में वाष्पीकरण अधिक होता है और वर्षा होती है। वर्षा से अनेकानेक वनस्पतियों का पोषण होता है। श्रावण मास में सोमवार व्रत अधिक प्रचलित है।
ऐसे करें व्रत –
सोमवार के व्रत का विधान अत्यंत सरल है। स्नान करके श्वेत या हरा वस्त्र धारण करें, दिन भर मन प्रसन्न रखें, क्रोध, ईष्र्या, चुगली न करें। स्वयं को शिवमय (कल्याणकारी) मानें। दिन भर शिव के पंचाक्षरी मंत्र ¬ नमः शिवाय का मन ही मन जप करते रहें। सायंकाल को प्रदोष बेला कहते हैं। इस समय यदि भगवान शिव का सामीप्य मिले, समस्त दोष दूर हो जाते है अतः सायंकाल शिव मंदिर में या अपने घर में ही मिट्टी से शिवलिंग और पार्वती तथा श्री गणेश की मूर्ति बनाकर सोलह प्रकार से पूजन करें, इनमें सोलह दूवी, सोलह सफेद फूल, सोलह मालाओं से शिवपूजन समस्त कामनाओं को पूर्ण करने वाला होता है।