बलौदाबाजार – अवैध प्लाटिंग करने वाले 6 लोगों के विरूद्ध कार्रवाई, जे.सी.बी. से तोड़ा गया अवैध विकास

कुश अग्रवाल बलौदाबाजार – बलौदाबाजार निवेश क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बलौदाबाजार में राजस्व विभाग, नगर पालिका परिषद्, बलौदाबाजार एवं नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के अमलों द्वारा संयुक्त रूप से अवैध विकास के विरूद्ध कार्यवाही की गई। रिसदा रोड, अब्दुल कलाम नगर, बलौदाबाजार में अवैध विकासकर्ता केशव प्रसाद पिता कांशी प्रसाद सोनी, शालिन पिता दिलीप और नंदाबाई के द्वारा की गई अवैध विकास पर बनी मार्ग, दिवार एवं नाली आदि को जे.सी.बी. मशीन से तोड़ा गया।
वहीं अब्दुल कलाम नगर के आगे काली मंदिर के पास दुकलहा पिता केजऊ के द्वारा निर्मित की गई मार्ग को तोड़ा गया। भाटापारा रोड में मारूती इन के आगे विवेकानंद पिता अशोक तिवारी के द्वारा अवैध कालोनी में बनाएं गये और सोनपुरी रोड में गणेश पिता मोहन सी.सी. रोड एवं दिवाल को तोड़ा गया।
इसी प्रकार बलौदाबाजार निवेश क्षेत्र में कुल 06 अवैध विकासकर्ताओं के द्वारा 6 एकड़ में किए गये अवैध विकास के विरूद्ध कार्यवाही की गई। अवैध विकासकर्ताओं के द्वारा कालोनाईजर एक्ट का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से कालोनी का निर्माण किया गया था। साथ ही लोगों को गुमराह कर विक्रय किया गया था।

गौरतलब है कि जिले में कुल 220 अवैध विकासकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। जिस पर ऐसे अवैध विकासकर्ता जो नियमितिकरण नहीं करायेंगे उनके विरूद्ध आगे कार्यवाही जारी रहेगा। साथ ही प्राथमिकी दर्ज कराते हुए मान. न्यायालय में अभियोजन की कार्यवाही की जायेगी।



