छत्तीसगढ़ – किस अस्पताल में कितने कोविड बेड उपलब्ध, बस एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी
रायपुर – अस्पतालों में कितने बिस्तर खाली हैं इनकी संख्या भी आप जान सकते हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर्स में खाली बिस्तरों की संख्या की जानकारी देने वेब पोर्टल तैयार किया है. इस पोर्टल पर रिक्त बिस्तरों की संख्या के साथ ही कोरोना संक्रमण के लाक्षणिक, अलाक्षणिक एवं हल्के लक्षण वाले मरीजों के लिए कई उपयोगी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं. COVID-19 के लक्षण वाले मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर्स के साथ ही निजी अस्पतालों व आइसोलेशन सेंटर्स में भी उपलब्ध बिस्तरों की संख्या पोर्टल पर दर्शाई गई है.
read also,,ब्रेकिंग – भष्ट्राचार मामले में चंदा कोचर के पति गिरफ्तार, ED ने की कार्रवाई
इसकी जानकारी लेने के लिए आपको
https://hospital.cgcovid19.in में विजिट करना होगा. COVID-19 के उपचार के लिए रायपुर जिले में मौजूद सुविधाओं की जानकारी के साथ आज से यह पोर्टल शुरू हो गया है. शीघ्र ही इस पर सभी जिलों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी अपलोड की जाएगी. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 6 सितम्बर को कोरोना के रोकथाम की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए लोगों की सुविधा के लिए इस तरह का पोर्टल बनाने के निर्देश दिए थे. स्वास्थ्य विभाग ने इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उपचार की व्यवस्था से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने यह पोर्टल प्रारंभ किया है.
शासकीय सुविधाओं के साथ ही पोर्टल पर कोरोना संक्रमण का इलाज कर रहे निजी अस्पतालों के नाम एवं संपर्क नंबर, निःशुल्क एवं सशुल्क आइसोलेशन सुविधा, होम और होटल आइसोलेशन सुविधा तथा होम आइसोलेशन के लिए निजी डॉक्टरों के नाम और मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित हैं. होम आइसोलेशन के लिए मरीजों द्वारा दिए जाने वाले अंडरटेकिंग प्रपत्र और स्वपरीक्षण प्रपत्र को भी पोर्टल पर अपलोड किया गया है.



