ब्रेकिंग -सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ FIR दर्ज
इस वक्त की बड़ी खबर निकल कर सामने आई है। सुशांत सिंह राजपूत के पिता के के सिंह ने पटना के राजीवनगर थाना में बेटे की आत्महत्या मामले में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने एक्ट्रेस पर अपने बेटे सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज होते ही पटना पुलिस की चार सदस्यीय टीम मुंबई रवाना हो गई। टीम में दो इंस्पेक्टर और दो सब इंस्पेक्टर शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पटना (मध्य क्षेत्र) के आईजी संजय सिंह ने कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत के पिता की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि एक्टर सुशांत के निधन के डेढ़ महीने बाद भी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि उन्होंने खुदकुशी किस वजह से की थी। इस बीच सुशांत के फैन्स और अन्य कई सेलिब्रिटीज का कहना है कि इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। अब सीबीआई जांच को लेकर सुशांत की बड़ी बहन श्वेता कीर्ति सिंह ने अपनी बात रखी है।
पूरे मामले में सुशांत सिंह की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने कहा है कि परिवार सीबीआई जांच की मांग अभी इसलिए नहीं कर रहा है क्योंकि वह मुंबई पुलिस की जांच खत्म होने के इंतजार में है। बता दें कि हाल ही में श्वेता ने सोशल मीडिया पर सुशांत को लेकर एक पोस्ट शेयर की थी, जिस पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने उनसे पूछा कि आप और आपका परिवार सीबीआई जांच की मांग क्यों नहीं कर रहे हैं। अगर उनका परिवार सीबीआई जांच की मांग करता है तो पूरा देश उन्हें सपोर्ट करेगा।




