लॉक डाउन के समय का न लें फीस वरना होगी कड़ी कार्यवाही, जिला शिक्षा अधिकारी ने लिखा पत्र
लॉकडाउन के दौरान फीस वसूली किए जाने के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अशासकीय प्रायमरी, मिडिल, हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य व प्रबंधक को पत्र लिखकर कहा हैं कि सभी शालाएं लॉकडाउन की अवधि में स्कूल फीस वसूली स्थगित रखें जिससे की पालकों एवं बच्चों को अनावश्यक परेशानी न हो।
पत्र में जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि संज्ञान में आया है कि निजी विद्यालयों द्वारा उक्त निर्देशों का पालन न करते हुए पालकों के मोबाईल में फीस भुगतान किए जाने संबंधी संदेश भेजा जा रहा है जो कि शासन द्वारा जारी संदर्भित निर्देश की अवहेलना है।
पत्र में कहा गया है कि समस्त निजी विद्यालयों को निम्नानुसार निर्देशों का पालन करना होगा – लॉकडाउन की अवधि में किसी भी पालक को लिखित रुप में अथवा मोबाईल के माध्यम से स्कूल फीस वसूली हेतु संदेश नहीं प्रसारित किया जावे। निजी स्कूल में किसी भी प्रकार की सामूहिक रुप से पालकों की बैठक नहीं कराई जावे तथा ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली हेतु पालकों से शिक्षा शुल्क नहीं लिया जावे।
पत्र में स्पष्ट निर्देश हैं कि उपरोक्त निर्देशों का समस्त निजी विद्यालय कड़ाई से पालन करना सुनिश्चित करें यदि कोई निजी विद्यालय इन निर्देशों का पालन नहीं करता है तो उक्त विद्यालय के विश्व आपदा प्रबंधन की धारा 188 के तहत कार्यवाही की जावेगी।



