फर्जी बिल बनाकर इंडियन एयर फोर्स और एंटी नक्सल ऑपरेशन के अधिकारीयों का बताया मूवमेंट, इस ट्रेवल्स के 5 ड्राइवर गिरफ्तार
रायपुर पुलिस लाइन में पेट्रोल का फर्जी बिल बनवाकर लाखों का फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने एक निजी ट्रेवल्स के 5 ड्रायवरों को गिरफ्तार किया है। इंडियन एयर फोर्स और एंटी नक्सल ऑपरेशन में लगे अधिकारियों का फर्जी मूवमेंट बताकर सारा घालमेल किया जाना बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मामले में आनंद नगर स्थित मां तारिणी ट्रेवल्स के द्वारा साल 2019 में वाहनों की लॉगबुक में रीडिंग बढ़ाकर और फर्जी बिल लगाकर 1300 लीटर पेट्रोल का आहरण कर लिया गया था। लॉगबुक में दर्ज नाम और सील से पता चला कि बताए स्थान पर उक्त अधिकारी कभी गए ही नहीं।
इसके साथ ही यात्रा करने वाले अधिकारी की सील और साइन फर्जी निकले जिसके बाद मोटर ट्रांसपोर्ट ऑफिसर ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के बाद अविनाश दुबे द्वारा संचालित ट्रेवल्स के 5 ड्रायवरों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।




