सोशल मीडिया में कांग्रेस भाजपा आमने सामने, बिगड़ी अर्थव्यवस्था के लिए कांग्रेस केंद्र को ठहराया जिम्मेदार
कांग्रेस और भाजपा के बीच गुरुवार को सोशल मीडिया वार छिड़ा। कांग्रेस ने जहां प्रदेशभर में स्पिक अप इंडिया अभियान के जरिए लॉकडाउन बिगड़ी अर्थव्यवस्था के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कोरोना के कारण लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। मजदूर, किसान, उद्योग, व्यापार के बारे में सोचे-समझे बिना लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
तीसरे लॉकडाउन के बाद लोगों के सब्र का बांध टूट गया है। खाने के पैसे नहीं थे, ऐसे में लाखों लोग अपने घरों के लिए सड़कों पर पैदल ही निकल गए। आर्थिक संकट से गुजर रहे देश के सभी गरीब परिवारों को 10 हजार रुपए की तत्काल मदद दी जानी चाहिए साथ ही 6 माह तक प्रतिमाह साढ़े सात हजार की मदद दी जाए। विधानसभा स्पीकर डा.चरणदास महंत ने कहा कि मजदूरों के दुखदर्द को दूर करने पीएम मोदी को सामने आकर आर्थिक मदद देनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि लोगों के पांव में छाले नहीं पड़ते अनेक लोगों की मौत नहीं होती। ये दुर्भाग्य है कि 40 ट्रेनें अपना रास्ता भटक जा रही हैं। ऐसे हमारे देश को मोदी चला रहे हैं। सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी ने जो मांग मोदी से की है हम उसका पूरा समर्थन करते हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि गरीबों को 10 हजार की सहायता तथा 6 माह तक 7500 गरीबों को देने की मांग हम मोदी सरकार से करते हैं। लाखों कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से मांग की।
कांग्रेस के कैंपेन के जवाब में भाजपा ने झूठी कांग्रेस के नाम से सोशल मीडिया पर अभियान चलाया और किसानों को दो साल का बोनस, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस और बेरोजगारों को भत्ता देने की मांग रखी। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पहले किसानों को दो साल का बकाया बोनस दे। तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस दे। मजदूरों को एक-एक हजार रुपए दे, फिर कोई बात करे।
डॉ. रमन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार कोरोना संक्रमण को रोकने व अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए हर दिन अभूतपूर्व कदम उठा रही है। छत्तीसगढ़ में झूठी कांग्रेस के मुखिया भूपेश बघेल न्याय का ढोंग रचकर मजदूरों और जरूरतमंदों को नजरअंदाज कर अन्याय कर रही है। सांसद सुनील सोनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को आर्थिक पैकेज दिया है। पूरी मदद की है। कांग्रेस सरकार पहले मजदूरों को बची हुई तीनों किस्त एक साथ दे। बेरोजगार युवकों को भत्ता देने का वादा किया था, उसे पूरा करे।
मजदूरों के नाम पर जो राशि जमा है, उसे तत्काल एक-एक हजार खाते में जमा कराए। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि मजदूरों को अखबार में खाना परोसने वाली सरकार आज मजदूरों पर ज्ञान दे रही है। कहा था कि धान पर समर्थन मूल्य 2500 देंगे, लेकिन नहीं दिया। ना ही बेरोजगारों को भत्ता दिया। शराबबंदी नहीं की, बल्कि कारोबार बढ़ा दिया। आईटी सेल के संयोजक दीपक म्हस्के ने बताया कि सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक झूठी कांग्रेस ट्रेंड किया।
वहीं बीजेपी पलटवार करते हुए कांग्रेस के इस अभियान के खिलाफ झूठी कांग्रेस हैश टैग से कैंपेन चलाने की तैयारी में है. इस कैंपेन में ‘आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया जाएगा। वहीं कैंपेन में कांग्रेस की किसान न्याय योजना को निशाने बनाने की कोशिश होगी। बीजेपी ने भी अपने कार्यकर्ताओं को आज (गुरुवार) सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने कहा था।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता धरम लाल कौशिक ने कांग्रेस के इस कैंपेन को नौटंकी करार दिया है। उनका कहना है कि किसी नेता की बात में कोई लय नजर नहीं आया. जाहिर तौर पर सोशल मीडिया की इस लड़ाई से सड़क पर भूखी मर रही जनता का कितना भला हो सकता है, यह देखने वाली बात होगी। धरम लाल कौशिक ने कहा कि पार्टियों की राजनीति भी तो जरूरी है, क्योंकि उन्हें भी तो अपना अस्तित्व बचाए रखना है।



