कोरोना महामारी में 13% से 50% तक वेतन काट रही जोमैटो, उबर ने निकाला 3700 कर्मचारियों को पहले ही
कोरोना वायरस महामारी से बचने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन के कारण चरमराई देश की अर्थव्यवस्था का असर दिखने लग गया है। कई निजी कंपनियों ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए अपने कर्मचारियों की छंटनी करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को ऑनलाइन फूड एग्रीगेटर कंपनी जोमैटो (Zomato) का नाम भी इस सूची में शामिल हो गया है।
कंपनी ने अपने 13% कर्मचारियों को नौकरी से निकालने तथा अन्य कर्मचारियों का 50% वेतन काटने का निर्णय किया है। कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) दीपिंदर गोयल ने शुक्रवार को सभी कर्मचारियों को ईमेल भेजकर अपने इस निर्णय की जानकारी दी।
उन्होंने मेल में लिखा, ‘जब हम चाहते हैं कि जोमैटो काम पर ज़्यादा ध्यान दे, तो हम पाते हैं कि भविष्य में हमारे पास सभी कर्मचारियों के लिए पर्याप्त काम नहीं रहेगा। हमें अपने सभी सहयोगियों को एक चुनौतीपूर्ण काम का वातावरण देना है, लेकिन हम भविष्य में 13% कर्मचारियों के लिए ऐसा नहीं कर पाएंगे।’
CEO गोयल ने बताया कि आर्थिक तंगी को देखते हुए उन्होंने कंपनी के सभी कर्मचारियों के वेतन से 50% तक की कटौती करने का भी निर्णय किया है। हालत सुधरने तक यह कटौती जारी रहेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति ठीक होने के बाद कटौती को बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कंपनी में जिन कर्मचारियों का वेतन बहुत कम है उनके वेतन से थोड़ी कम कटौती होगी, लेकिन उच्च वेतन वालों की 50% कटौती की जाएगी। CEO गोयल ने बताया कि जिन कर्मचारियों को छंटनी में शामिल किया गया है उन्हें अगले 24 घंटे में एक वीडियो कॉल पर आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा शेष कर्मचारियों को छह घंटे में कंपनी की ओर से एक कंफर्मेशन ईमेल किया जाएगा।
CEO गोयल ने अपने ईमेल में संकट की इस घड़ी में कंपनी के सहयोग के लिए स्वैच्छिक कटौती कराने वाले कर्मचारियों की भी सराहना की। उन्होंने लिखा कि वह कंपनी के हित में अगले छह महीने तक स्वैच्छिक 100% वेतन कटौती कराने वाले कर्मचारियों को धन्यवाद देते हैं। अन्य किसी भी कंपनी में ऐसा सहयोग करने वाले कर्मचारी नहीं मिलेंगे। उनके इस प्रयास के बाद भी वह कर्मचारियों की वेतन कटौती करने के लिए मजबूर हैं।
जोमैटो से पहले गुरुवार को ऑनलाइन टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी उबर ने अपनी 3,700 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। कंपनी की ओर से कर्मचारियों के साथ वीडियो कॉल की गई। इसमें कंपनी के फीनिक्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का नेतृत्व करने वाले रफिन शेवलॉ ने कहा कि व्यापार में अभी बहुत मंदी है और कंपनी के पास कई कर्मचारियों के लिए कोई काम नहीं है। वह 3,700 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को निकाल रहे हैं।

