Coronavirus: आने वाले दिनों में 20 फीसदी तक सस्ते हो सकते हैं मकान, HDFC के चेयरमैन ने कहा यह
कोरोना वायरस के संकट में दुनियाभर के कारोबार को तोड़कर रख दिया है. जिन सेक्टर्स पर इसका सबसे ज्यादा असर हुआ है, उनमे रियल एस्टेट भी है. एचडीएफसी के चेयरमैन दीपक पारेख ने मंगलवार को कहा कि प्रॉपर्टी डेवलपर्स को घरों की कीमतों में 20 फीसदी तक की गिरावट के लिए तैयार रहना चाहिए. यानी तैयार मकानों के भाव 20 प्रतिशत तक कम हो सकते हैं. उन्होंने कहा मेरे हिसाब से नारेडको का अनुमान 10 से 15 प्रतिशत के बीच है.
कोरोना वायरस के मद्देनजर पारेख ने कहा “अगले छह महीने बेहद कठिन होने जा रहे हैं. आपको लिक्विडिटी चाहिए. आपको जो भी कीमतें मिलें, उन संपत्तियों को बेचकर कैश हासिल करें. पारेख ने कहा जो मकान तैयार हैं, उनको रोककर मत रखें”. पारेख ने एक वीडियो कॉल में कहा, जिसमें लगभग 5,500 डेवलपर्स ने भाग लिया, नौकरी की सुरक्षा और बचत के साथ संभावित होमबॉयर्स के लिए यह एक सही खरीद अवसर है.
पारेख ने कहा कि वाणिज्यिक अचल संपत्ति की मांग लंबे समय तक बनी रहेगी. क्योंकि लॉकडाउन के बाद भी ऐसी स्थिति नहीं होगी जहां पूरा वर्कफाॅर्स घर से काम करना चाहेगा. लोगों को दूसरों से मिलने की आवश्यकता होगी इसलिए वाणिज्यिक अचल संपत्ति की मांग कम नहीं होगी.
डेवलपर्स ने नकदी की समस्या से निपटने के लिए सरकार से राहत पैकेज देने की भी मांग की है. पारेख ने डेवलपरों को सुझाव दिया कि इस वक्त ज्यादा लाभ कमाने के चक्कर में न रहे. यह उनके कारोबार को प्रभावित करेगा.
पारेख ने कहा, ‘‘समझौता, समझौता और समझौता, हमें समझौता करना होगा. अपने ऊपर से बिना बिके फ्लैटों का बोझ घटाना होगा, फिर चाहे कोई भी कीमत मिले. आपको नकदी चाहिए.


