कोरोना वायरस के कहर से देश में नागरिकों को बचाने के लिए और इसके खतरनाक संक्रमण को रोकने के लिए देश में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है. पूर्व में लगाया गया लॉकडाउन 14 अप्रैल को पूरा हो जाएगा. लेकिन इसके बाद यह आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं इसका फैसला आज पीएम मोदी की देश के राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली बैठक में तय होना है।
बता दें कि WHO की ओर से इस बैठक से एक दिन पहले बड़ा बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लगायी गयी पाबंदियां अगर जल्दबाजी में खत्म की गईं तो इसके घातक परिणाम हो सकते हैं।
गौरतलब है कि देश के अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक करेंगे। बैठक में कोरोना वायरस और इसके फैलते संक्रमण को रोकने पर ही चर्चा की जाएगी. इसके अलावा इस बैठक में यह तय हो सकता है कि लॉकडाउन का भविष्य क्या होगा। क्या लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाएगा या फिर 14 अप्रैल के बाद इसे खत्म कर दिया जाएगा? इसके अलावा पीएम मोदी सभी मुख्यमंत्रियों से उनके राज्यों के ताजा हालात पर भी चर्चा करेंगे।
कहा जा रहा है कि लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है चूंकि कुछ दिनों पहले पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सर्वदलीय बैठक की थी। बैठक में विपक्ष के कई नेताओं ने लॉकडाउन बढ़ाने की वकालत की गयी थी. पीएम मोदी ने भी लॉकडाउन बढ़ाने का संकेत देते हुए कहा था कि देश में फिलहाल जैसे हालात हैं, उसके हिसाब से एकाएक लॉकडाउन हटाना संभव नहीं है।
बता दें कि कल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुवे कहा था कि लाॅकडाउन उठाने का निर्णय पूरी संवेदनशीलता और सावधानी के साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन उठाने का निर्णय करते समय हमें जीवन और जीविका के बीच संतुलन रखना होगा। मुख्यमंत्री ने यह बात आज पत्रकारों से वीडियो कांन्फ्रेसिंग के माध्यम से चर्चा के दौरान कही।




