छत्तीसगढ़देश विदेश

कोरोना वायरस के चलते रेलवे ने रद्द की ट्रेनें, राजस्व में 10 करोड़ से ज्यादा की कमी

कोरोना वायरस के कहर को देखते हुए रेलवे ने दो दिनों में 184 ट्रेनें रद कर दी हैं। बुधवार को जहां 99 ट्रेनें रद की गईं, वहीं मंगलवार को 85 ट्रेनें रद की जा चुकी हैं। इनमें ट्रेनों में बुकिंग भी कम हुई थी। आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को पश्चिम मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे की 11-11 ट्रेनें रद की गईं, जबकि दक्षिण मध्य और उत्तरपूर्व फ्रंटियर रेलवे की 20-20 ट्रेनों को रद किया गया है।

सबसे ज्यादा 32 ट्रेनें दक्षिण रेलवे और सबसे कम पांच पूर्व मध्य रेलवे की रद की गई हैं। अन्य जोनों में रद ट्रेनों के आंकड़े फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पाए हैं। बता दें कि ट्रेनें 18 मार्च से एक अप्रैल तक रद्द रहेंगी।

भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत में भी इजाफा करते हुए 50 रुपये का कर दिया है। रेलवे ने जोनों को गाइडलाइन जारी की थी। उसमें कहा गया था कि जिस कैटरिग स्टाफ को बुखार, कफ, नाक बहने या सांस लेने में दिक्कत जैसी परेशानी हो उसे काम पर न लिया जाए।

वहीं कोरोना वायरस के चलते लोगों ने अपनी रेल यात्राएं कैंसिल करना शुरू कर दी हैं। चालू महीने के दौरान लोगों ने 60 फीसद रेलवे टिकट कैंसिल करा लिए हैं। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने बुधवार को इसकी जानकारी संसदीय समिति को दी।

इधर प्लेटफॉर्म टिकट दस रुपये से बढ़ाकर 50 रुपए करने का असर दिखने लगा है। प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री कम हुई है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आम दिनों में औसतन तीन हजार के करीब प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री होती है। वहीं, बुधवार को लगभग सात सौ के करीब टिकट बिके हैं। अन्य स्टेशनों पर भी यही हाल है।

अब तक कोरोना वायरस के खौफ के कारण हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर में पिछले चार दिनों में 14 लाख से अधिक यात्रियों ने अपने रेल टिकट रद करवा लिए हैं। रेलवे के राजस्व में 10 करोड़ से ज्यादा की कमी आई है। सतर्कता बरतते हुए रेलवे ने भी कई ट्रेनों को खुद ही रद्द कर दिया। ऑनलाइन टिकट का रिफंड काफी अधिक है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button