मनोरंजन

IIFA Press Conference – जब कार्तिक आर्यन ने कैटरीना कैफ के पैर छूकर इस बात के लिए मांगी माफ़ी

IIFA Press Conference – कार्तिक आर्यन बॉलीवुड एक्टर्स की मौजूदा पीढ़ी के सबसे ज़िंदादिल अभिनेताओं में से एक हैं। कार्तिक का दिलचस्प मिज़ाज अक्सर फ़िल्मी इवेंट्स में देखने को मिलता है। बुधवार देर शाम मुंबई में हुई आइफा की प्रेस कांफ्रेंस में भी आर्यन का ऐसा ही अंदाज़ देखने को मिला, जब उन्होंने सबके सामने स्टेज पर सीनियर एक्ट्रेस कटरीना कैफ़ के पैर छू लिये। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि कार्तिक ऐसा कुछ करेंगे, इसलिए देखने वाले भी चौंक गये।

आइफा आयोजकों ने अवॉर्ड सेरेमनी की जानकारी देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस रखी थी, जिसमें कटरीना कैफ़, कार्तिक आर्यन और दीया मिर्ज़ा शामिल हुई थीं। कार्तिक इवेंट में थोड़ा देर से पहुंचे। जब प्रेस कांफ्रेंस शुरू हुई तो कटरीना ने मज़ाक करते हुए कहा कि कार्तिक सबसे पहले आप लोगों से देरी के लिए माफ़ी मांगना चाहते हैं।

इस पर कार्तिक ने देर ना करते हुए कटरीना के पैर छूकर माफ़ी मांगने का उपक्रम किया और बोले- कल रणवीर ने सबसे पैर छुए थे। आज मैं आपके पैर छू लेता हूं। कार्तिक प्रेस कांफ्रेंस में हाथ में पट्टी बांध स्लिंग लगाकर पहुंचे थे। बुधवार सुबह ही कार्तिक की एक सर्जरी हुई थी।

वैसे कुछ ऐसा ही नज़ारा सोमवार को भी देखने को मिला था, जब रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से अक्षय कुमार और अजय देवगन के पैर छुए थे। दरअसल, सूर्यवंशी के ट्रेलर लांच में रणवीर देर से पहुंचे थे, जबकि दोनों सीनियर एक्टर और कटरीना कैफ़ पहले पहुंच गये थे।

जब इसको लेकर अक्षय और अजय ने स्टेज पर रणवीर की खिंचाई की तो उन्होंने तपाक से पैर छूकर माफ़ी मांग ली थी। हालांकि उस वक़्त कटरीना को नज़रअंदाज़ कर दिया था। यहां कार्तिक ने रणवीर की कमी पूरी कर दी। इवेंट में कार्तिक और कटरीना कैफ़ ने लव आज कल के एक गाने पर कदम भी थिरकाए।

कार्तिक की इस साल पहली फ़िल्म लव आज कल रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल नहीं रही, मगर कार्तिक और सारा अली ख़ान के काम की तारीफ़ हुई। कार्तिक फ़िलहाल भूल-भुलैया 2 की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें उनके साथ कियारा आडवाणी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button